बिहार में टूटा कांग्रेस-राजद का गठबंधन ,बिहार प्रदेश प्रभारी ने कहा कांग्रेस अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी

पटना

राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस का बिहार में गठबंधन टूट गया है। पिछले कई दिनों से चल रही खींचतान के बाद शुक्रवार की दोपहर कांग्रेस प्रभारी भक्‍त चरण दास ने मीडिया से कह दिया कि कांग्रेस अब राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ नहीं है। शुक्रवार को दिल्ली से पटना पहुंचे दास ने कहा- अब RJD के साथ कभी कोई गठबंधन नहीं होगा।
भक्त चरण दास ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस अकेले अपने दम पर सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने गठबंधन टूटने का ठीकरा तेजस्वी यादव पर फोड़ा।
दास के बयान पर RJD के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, ‘भक्त चरण दास अनर्गल बयान देकर कांग्रेस को कमजोर करने में लगे हैं। इनकी भक्ति जनता के प्रति कम और भाजपा के प्रति ज्यादा दिख रही है। जमीनी हकीकत से इनका कोई सरोकार नहीं है।’

एक न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए RJD प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा, ‘हम लोगों ने महागठबंधन धर्म का पालन इस हद तक किया कि सरकार गंवा दिया, लेकिन महागठबंधन जारी रखा। लालू यादव ने हमेशा त्याग किया है। हर वक्त अपने पदों को छोड़कर लोगों को दिया है।’

RJD उपचुनाव के बाद, भाजपा से मिल जाएगी : दास भक्त चरण दास ने कहा- RJD ने महागठबंधन धर्म का पालन नहीं किया, इसलिए कांग्रेस उपचुनाव में पूरी ताकत से लड़ रही है। हमारे सभी नेता बिहार पहुंच चुके हैं और जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। RJD उपचुनाव के बाद भाजपा से मिल जाएगी।
19 अक्टूबर को दास ने लगाए थे गंभीर आरोप
कांग्रेस प्रभारी ने 19 अक्टूबर को कहा था- RJD ने उसी दल से मिलीभगत कर ली है, जिसके खिलाफ आज तक हमारे साथ मिलकर लड़ती रही। दास ने BJP का नाम लिए बिना कहा था- RJD ने कांग्रेस का साथ छोड़कर किसी और के साथ मिलीभगत कर ली है।
इस पर RJD प्रवक्ता मनोज झा ने पलटवार करते हुए कहा था- भक्त चरण दास संघी हो गए हैं। संघ के इशारे पर चल रहे हैं। झा के संघी वाले बयान पर शुक्रवार को दास ने कहा- मनोज झा ने क्या कहा, यह हम नहीं जानते हैं। हम बस इतना जानते हैं कि हमने गठबंधन नहीं तोड़ा।

बिहार की दो सीटें बनीं अलगाव का कारण
बता दें कि बिहार में दो विधानसभा सीटों तारापुर और कुशेश्वरस्थान पर उपचुनाव हो रहे हैं। दोनों सीटों पर RJD ने अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। इसके बाद कांग्रेस ने भी दोनों सीट पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। पिछले चुनाव में एक सीट कुशेश्वरस्थान पर कांग्रेस लड़ी थी।

Share this News...