सिमडेगा पुलिस ने बिस्टुपुर से पत्रकार अभिषेक भारती को किया गिरफ्तार

● नाबालिग के अपहरण और विधायक के खिलाफ जबरन बयान दिलवाने के आरोप में दर्ज मामले में कार्रवाई

● दिलीप तिर्की पहले ही जा चुके हैं जेल

जमशेदपुर : सिमडेगा पुलिस द्वारा पाकरटांड़ थाना में दर्ज एक मामले में पत्रकार अभिषेक भारती को बिष्टुपुर से गिरफ्तार कर ली है. उक्त गिरफ्तारी पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/26 के तहत की गई है. पुलिस इस मामले में पहले ही पत्रकार दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
यह मामला सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर एक 14 वर्षीय नाबालिग द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोप से जुड़ा है. इस मामले में नाबालिग के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराते हुए पत्रकार अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की पर नाबालिग का अपहरण करने तथा विधायक के खिलाफ जबरन बयान दिलवाने का आरोप लगाया था. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के क्रम में पुलिस ने दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
इस मामले में इससे पहले रांची के हरमू स्थित अभिषेक भारती के डिजिटल मीडिया कार्यालय ‘द भारत मित्र’ में भी पुलिस ने छापेमारी की थी. छापेमारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत अन्य सामान जब्त किए गए थे. अब सिमडेगा पुलिस की टीम ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर से अभिषेक भारती को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Share this News...