बुधवार की शाम बिहार एसोसिएशन के तत्वावधान में राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें पंचायत वेब सिरीज के अभिनेता अशोक पाठक उर्फ विनोद खास तौर पर शामिल हुए. उन्होंने अपने जीवन से जुड़े कई अनछुए पहलुओं से शहर के लोगों को अवगत कराया. इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उपस्थित थे. उन्होंने बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी, उपाध्यक्ष डॉ एसके सिंह, कोषाध्यक्ष विवेकानंद के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद अध्यक्ष बीएन सिंह ने बिहार एसोसिएशन के अब तक के सफर की झलकियां पेश की. कहा कि बिहार एसोसिएशन द्वारा तीन शैक्षणिक संस्थानों का संचालन किया जा रहा है, जहां कम फीस में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दी जाती है. वहीं, डॉ एसके सिंह ने शताब्दी समारोह के 10 दिनों के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी. वहीं, संजीव चौधरी ने कहा कि वे फिल्म नहीं देखते हैं लेकिन टॉप लेवल मीटिंग में भी माहौल को हल्का फुल्का करने के लिए पंचायत वेब सीरिज के डायलॉग कई बार बोल दिये जाते हैं. कहा कि किसी भी काम में रातों रात सफलता नहीं मिलती है. उसके पीछे लंबा संघर्ष होता है. उन्होंने जमशेदपुर में वर्ल्ड क्लास नागरिक सुविधा मिलने की बात कही. पंचायत’ के ‘विनोद’ के रूप में चर्चित अभिनेता अशोक पाठक ने बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समारोह में सभी को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी जड़ें ही हमें जिंदा रखती हैं और बिहारी जहां भी जाते हैं, अपनी संस्कृति व संस्कार साथ ले जाते हैं. सीवान के आंदर के पास स्थित अपने पैतृक गांव से जुड़ाव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह हर साल छठ पूजा पर गांव जाते हैं. बचपन में पिता हरियाणा में कार्यरत थे, पर गांव आना-जाना और बाबा की यादें हमेशा जुड़ी रहीं. मुंबई में पड़ोसियों तक से अनजान रहने के उलट गांव के टोलों और आसपास के लोगों में आत्मीयता मिलती है. गांव का माहौल इंसान को मेहनतकश, सरल और मृदुभाषी बनाता है.
काम की कमी के दौर में पंजाबी फिल्मों ने सहारा दिया और परिवार चलता रहा. अलग-अलग भाषाओं व इंडस्ट्री में काम करने से सीखने को मिलता है; उन्होंने विजय सेतुपति संग भी काम किया. चौथे सीजन का संवाद ‘गरीब हैं, गद्दार नाहीं’ उन्हें ग्रामीण ईमानदारी का प्रतीक लगता है, जबकि भूषण के किरदार के संदर्भ में उन्होंने कहा कि व्यवस्था में सवाल पूछने के लिए विपक्ष जरूरी है.
जमशेदपुर के लोग हैं रियल इंडियंस : एसके बेहरा
मुख्य अतिथि एसके बेहरा ने राजेंद्र विद्यालय के हॉल में पहली बार आने का जिक्र करते हुए कहा कि वे मित्र डॉ सिंह के बुलावे पर यहां पहुंचे हैं. उन्होंने जमशेदपुर की ऐतिहासिक यात्रा बंगाल और ओडिशा से होते हुए बिहार और फिर झारखंड बनने का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के लोग ‘रियल इंडियंस’ हैं, जिन्हें किसी सीमा या पहचान से परहेज नहीं है. उन्होंने बुद्ध, महावीर, चाणक्य, चंद्रगुप्त मौर्य, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और जयप्रकाश नारायण की विरासत को याद किया.
मंचासीन अभिनेता अशोक पाठक की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि 25 वर्षीय बेटी के कहने पर उन्होंने ‘पंचायत’ वेब सीरीज देखी. प्रेमचंद की कहानियों के पाठक रहे बेहरा को ‘पंचायत’ में वही ग्रामीण जीवंतता और फुलेरा गांव से जुड़ाव महसूस हुआ. उन्होंने “गरीब हैं… गद्दार नहीं हैं” संवाद, सरपंच के यहां खीर खाने के प्रसंग और पानी की टंकी वाले चाय सीन को बेहद पसंद बताया.
