स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वर की छठ पूजा और इस दौरान महिलाओं की सिंदूर परंपरा का मजाक और भद्दी टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ रहा है. पटना पुलिस ने इस मामले में माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है. वहीं, लोक जनशक्ति रामविलास के लीगल सेल ने दिल्ली-एनसीआर में माहेश्वरी की टिप्पणी पर शिकायत की है. चिराग पासवान की पार्टी राज्य के सभी 38 जिलों में FIR दर्ज कराएगी. इस बीच, विभिन्न राजनीतिक दलों ने माहेश्वरी की टिप्पणी की आलोचना की है.
कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि छठ पूजा का मजाक उड़ाना और शादी शुदा महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर भद्दे कमेंट करना महिलाओं की गरिमा पर घिनौना हमला है. उन्होंने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है.
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग यश माहेश्वरी की आलोचना कर रहे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि मजाक और कॉमेडी के नाम पर किसी की
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में यश माहेश्वरी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है. कई लोगों का कहना है कि यह केवल हास्य नहीं बल्कि महिलाओं और उनकी धार्मिक आस्था का अपमान है. विरोध करने वालों का आरोप है कि लोकप्रियता और सुर्खियां बटोरने के लिए मर्यादा की सीमाएं पार की गई हैं.
पटना में FIR, जिलों में भी कार्रवाई की मांग
मामले ने तूल पकड़ने के बाद पटना में यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं बिहार के कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय समूहों ने राज्य के अलग-अलग जिलों में भी उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करने की मांग उठाई है. सोशल मीडिया पर भी उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है.
इस मामले को लेकर बीजेपी नेता रितु जायसवाल ने कहा, “हमारे महापर्व छठ और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले इस शख्स के खिलाफ बिहार के प्रत्येक जिले में एफआईआर दर्ज होनी चाहिए. ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई हो कि इसे अपनी गलती का एहसास हो और अगली छठ में हमारे महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन कर सके. छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”
राजनीतिक दलों ने भी जताई नाराजगी
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं ने भी टिप्पणी की आलोचना की है. नेताओं का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक आस्था या महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जा सकता. यही वजह है कि यह मामला अब केवल एक कॉमेडी शो तक सीमित नहीं रह गया बल्कि सामाजिक और राजनीतिक बहस का विषय बन गया है.
इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “‘कॉमेडी’ के नाम पर छठ पूजा का मज़ाक उड़ाना, विवाहित महिलाओं के बारे में अश्लील टिप्पणियाँ करना और उनके सिंदूर का उपहास करना, हमारी सांस्कृतिक गरिमा और महिलाओं के सम्मान पर एक घिनौना प्रहार है.
मैं बिहार पुलिस, दिल्ली पुलिस और सभी संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से पुरज़ोर आग्रह करता हूँ कि वे इस मामले का तुरंत संज्ञान लें, उचित मामला दर्ज करें और यश माहेश्वरी के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें. संवैधानिक स्वतंत्रता के साथ हमेशा ज़िम्मेदारी भी जुड़ी होती है.”
कौन हैं यश माहेश्वरी?
यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हिंदी स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर हैं. वह दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय रहते हैं. उन्होंने वर्ष 2022 में Almost Yash नाम से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था. उनके चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर हैं. वह आम जीवन, सामाजिक मुद्दों और राजस्थान से जुड़े अनुभवों को अपनी कॉमेडी का हिस्सा बनाते हैं. हालांकि इस बार उनका एक कथित मजाक बड़े विवाद में बदल गया है और इसका असर अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच चुका है.
