गुरु नानक देव जी की वाणी और विचार युगों-युगों तक मानवता का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे : अमरप्रीत सिंह काले,वीडियो में देखें भावुक संदेश

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन में शामिल हुए अमरप्रीत सिंह काले

जमशेदपुर : प्रथम गुरु एवं संपूर्ण मानवता को प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित भव्य नगर कीर्तन में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर काले ने नगर कीर्तन में शामिल होकर श्रद्धापूर्वक शीश नवाया तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने पंच प्यारों एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के दर्शन कर समस्त साध-संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज का जीवन, उनकी वाणी और उनकी महान शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। उनका दिया हुआ संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव, समानता एवं मानव सेवा का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज में एकता, भाईचारे तथा परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

काले ने कहा कि जमशेदपुर की धरती सदैव सामाजिक सौहार्द, धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की मिसाल रही है। ऐसे पावन आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण, सद्भाव और मानवता के मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

अंत में काले ने वाहेगुरु जी के श्री चरणों में अरदास करते हुए समस्त मानव समाज के सुख, शांति, समृद्धि, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ संपूर्ण विश्व के कल्याण और खुशहाली की कामना की – साथ ही उन्होंने सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक समिति, स्त्री सत्संग सभा , सिख नौजवान सभा , अकाली दल , सभी गुरुद्वारा प्रबंधक समितियाँ , सभी सेवा करने वाले संस्थाओं , सड़क सफ़ाई करने वाले स्वयंसेवक, जिला प्रशासन एवं पुलिस , मीडिया एवं ऐसे सभी का आभार एवं धन्यवाद दिया जिन्होंने परोक्ष अथवा अपरोक्ष रूप से इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में अपनी सार्थक भूमिका निभाई है ।

Share this News...