तट की ओर बढ़ रहा तूफान ‘अर्नब’, आंध्र प्रदेश, ओडिशा-बंगाल में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका

विशाखापट्टनम/भुवनेश्वर/कोलकाता: बंगाल की खाड़ी में बना गहरा डिप्रेशन सोमवार सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में बताया कि 28 अक्टूबर की दोपहर तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में बापटला और विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम तटों को पार कर सकता है. बांग्लादेश ने इस चक्रवाती तूफान के लिए ‘अर्नब’ (समुद्र) (Cyclone Arnab) नाम सुझाया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है.

IMD ने कहा कि तूफान अर्नब के समुद्र तट से टकराने के दौरान इसकी रफ्तार 115-125 किमी प्रति घंटा (kmph) होगी और हवा के झोंके 140 kmph तक पहुंच सकते हैं.

मौसम विभाग की रविवार सुबह 9.10 बजे जारी बुलेटिन में कहा गया कि पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पिछले 6 घंटों के दौरान 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ा और यह श्री विजयपुरम (अंडमान द्वीप समूह) से लगभग 470 किमी उत्तर-उत्तर-पश्चिम, विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 860 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 950 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मसूलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 1060 किमी पूर्व और बापटला (आंध्र प्रदेश) से 1130 किमी पूर्व में केंद्रित था.
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा डिप्रेशन

मौसम विभाग ने कहा कि इसके लगभग दक्षिण की ओर बढ़ने, गंभीर डिप्रेशन में बदलने और फिर धीरे-धीरे रविवार को पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने की बहुत संभावना है.

बुलेटिन में कहा गया है, “पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए, इसके 26 अक्टूबर की सुबह तक पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान (cyclonic storm) में और 27 अक्टूबर, 2026 की सुबह के आसपास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में और अधिक तीव्र होने की बहुत संभावना है.

इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, और अधिक तीव्र होकर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है.

बुलेटिन में कहा गया है कि 28 अक्टूबर की दोपहर तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में बापटला और विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम तटों को पार करने की बहुत संभावना है, इस दौरान हवा की रफ्तार 115-125 kmph होगी, जो बढ़कर 140 kmph हो सकती है.

Share this News...