एसआईआर के समर्थन में 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भाजपा चलाएगी जागरूकता अभियान
जमशेदपुर : केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ जनता के मन में भ्रम फैलाकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं. वे आज शहर प्रवास के क्रम में स्थानीय निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में बोल रही थीं.
उन्होंने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जनता को गुमराह करने की कोशिश है. आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर भीड़ जुटाकर देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है. दरअसल राहुल गांधी बांग्लादेशी और अवैध घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं. एसआईआर के बाद भी कई राज्यों में चुनाव हुए, लेकिन कोई शिकायत नही मिली. उन्होंने कहा कि अगर किसी मतदाता का नाम कट गया हो तो उसे पुनः जुड़वाने की भी प्रक्रिया है, जिसके लिए ज़रूरी कागज़ात दिखाने होंगे.
अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि भाजपा 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक एसआईआर के समर्थन में जागरूकता अभियान चलाएगी. इस दौरान युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के महत्व की जानकारी दी जाएगी. भाजपा जनता के बीच जाकर एसआईआर को लेकर कांग्रेस की ओर से फैलाए जा रहे कथित भ्रम का जवाब देगी और इस प्रक्रिया के पक्ष में अपना दृष्टिकोण रखेगी. पत्रकार सम्मेलन में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी मौजूद थे.
चुनाव हारने पर आयोग पर सवाल उठाती है कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि देश में पहले भी आठ बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पार्टी किसी राज्य में चुनाव जीतती है, तब उसे चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल नहीं उठते, लेकिन चुनाव हारने के बाद वह आयोग पर आरोप लगाने लगती है.
इंदिरा जी का कार्यकाल याद करें कांग्रेसी
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया. अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और राजनीतिक दलों को उनके प्रति जनता के विश्वास को कमजोर करने से बचना चाहिए.
विदेशों में देश की आलोचना करने पर राहुल को घेरा
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें विदेशों में देश की आलोचना करने के बजाय भारत के विकास के लिए सकारात्मक सुझाव देने चाहिए. उन्होंने कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी सवाल उठाए. कहा कि यदि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर इतना ही अविश्वास है, तो उसके 99 सांसदों को पहले इस्तीफा दे देना चाहिए.
आंगनबाड़ी के लिए केंद्र से ससमय मिलता है अंशदान
राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों की बदहाली पर किये गए एक सवाल पर मंत्री ने इसका ठीकरा राज्य सरकार पर फोड़ा. कहा कि केंद्र सरकार अपना अंशदान ससमय राज्यों को भेज देती है, लेकिन इच्छाशक्ति की कमी की वजह से केंद्र सरकार को पैसा वापस किया गया. गतदिनों सभी राज्यों की समीक्षा में झारखंड का प्रदर्शन सबसे खराब रहा. राज्य सरकार को इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाते हुए बेहतर व्यवस्था करनी चाहिए.
