जिस बात का डर था वही हुआ! 24 घंटे में साइबर दुनिया में मचा हड़कंप, PHP, eMudhra और AI सॉफ्टवेयर में मिलीं गंभीर खामियां

जिस बात का डर था आखिर वही हुआ है. इंटरनेट की दुनिया में पिछले 24 घंटे काफी हलचल भरे रहे हैं. वेबसाइट चलाने वाले सॉफ्टवेयर से लेकर डिजिटल सर्टिफिकेट, AI टूल और क्लाउड प्लेटफॉर्म तक, कई अलग-अलग जगहों पर सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटनाएं सामने आई हैं. कहीं ऐसी खामियां मिलीं जिनसे हमलावर किसी सर्वर पर अपना कोड चला सकते थे, तो कहीं सॉफ्टवेयर के अपडेट में ही खतरनाक कोड डाल दिया गया. भारत की कंपनी eMudhra से जुड़े डिजिटल सर्टिफिकेट का मामला भी इसी दौरान ग्लोबल साइबर सिक्योरिटी की बड़ी चर्चा बन गया.

सवाल ये है कि एक ही साथ इतना कुछ क्यों हुआ? अगर आपको याद हो तो हाल ही में AI लीडर्स ने वॉर्न किया था कि AI के पावरफुल मॉडल्स दुनिया भर के सॉफ्टवेयर्स में खामी इंसानों के मुकाबले काफी तेजी से ढूंढ सकते हैं. लोगों को डर है कि अगर AI ने तेजी से खामियां ढूंढना शुरू कर दिया तो इन्हें फिर पैच कौन करेगा? यानी जिस तेजी से खामी ढूंढी जाएगी क्या उसी तेजी से इसे ठीक किया जा सकेगा? अगर ऐसा नहीं हुआ तो दुनिया भर के यूजर्स की सिक्योरिटी और प्राइवेसी तुरंत खतरे में आ जाएगी.

इन घटनाओं ने एक बार फिर दिखाया है कि इंटरनेट की सिक्योरिटी सिर्फ किसी एक कंपनी या वेबसाइट पर निर्भर नहीं करती. ब्राउजर, सर्वर, सॉफ्टवेयर अपडेट और डिजिटल सर्टिफिकेट जैसे कई हिस्से मिलकर इंटरनेट पर भरोसा बनाए रखते हैं. इनमें से किसी एक हिस्से में चूक होने पर उसका असर दूसरी कंपनियों और सेवाओं तक पहुंच सकता है. अच्छी बात ये है कि अब तक कोई बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन बाद में ये खबरें आ सकती हैं, क्योंकि अभी इनका असेस्मेंट होना बाकी है.

PHP में मिलीं दो गंभीर खामियां, दुनियाभर में बढ़े हमले की कोशिशें

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी खबर PHP प्रोग्रामिंग लैंग्वेज में मिली दो गंभीर सुरक्षा खामियों की है. PHP का इस्तेमाल वेबसाइट और वेब ऐप बनाने में बड़े पैमाने पर होता है. कई वेबसाइट्स के पीछे चलने वाला सर्वर इसी लैंग्वेज की मदद से काम करता है.

भारत की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी CERT-In ने 21 अक्टूबर को इन खामियों को लेकर अलर्ट जारी किया. इन्हें CVE-2026-109618 और CVE-2026-109619 नाम दिए गए हैं. इनका फायदा उठाकर अटैकर्स कुछ कमजोर सर्वर पर बिना लॉगिन किए अपना कोड चला सकते थे. ऐसा होने पर सर्वर पर कंट्रोल पाने और उस पर मौजूद सर्विसेज को प्रभावित करने का खतरा पैदा हो सकता था.

PHP की टीम ने इन खामियों को ठीक करने के लिए नए सिक्योरिटी अपडेट जारी किए. PHP 8.5 इस्तेमाल करने वालों के लिए 8.5.12, PHP 8.4 के लिए 8.4.27, PHP 8.3 के लिए 8.3.36 और PHP 8.2 के लिए 8.2.35 अपडेट जारी किए गए. प्रभावित वेबसाइटों और सर्वरों को जल्द से जल्द अपडेट करने की सलाह दी गई है.

तुरंत बढ़ गए साइबर अटैक्स

खतरा सामने आने के बाद अटैकर्स की कोशिशें भी तेजी से बढ़ीं. रॉयटर्स की 22 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, क्लाउडफ्लेयर ने PHP की खामियों की जानकारी पब्लिक होने के बाद हमले की कोशिशों में भारी उछाल देखा. क्लाउडफ्लेयर के सीईओ ने खुद माना है कि सिर्फ 10 घंटों के अंदर दुनिया की कई वेबसाइट्स पर करोड़ों साइबर अटैक्स हुए हैं.

पहले जहां ऐसी कोशिशें हजारों में थीं, वहीं खुलासे के बाद इनकी संख्या लाखों तक पहुंच गई. कई देशों में कंपनियों और सरकारी सेवाओं ने अपने सिस्टम की जांच और सिक्योरिटी अपडेट्स लिए तेजी से कदम उठाए.

Share this News...