तीन कमरों के ताले और दो अलमारियों के लॉक तोड़कर सोने के आभूषण व नकदी ले उड़े चोर
जमशेदपुर :मानगो,हिल व्यू कॉलोनी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी की चोरी कर ली. यह घटना हिल व्यू कॉलोनी के रोड नंबर-7 स्थित विश्वकर्मा पथ पर मिश्रा नर्सिंग होम के पास की है. चोरी गए सामान की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, अनुपम ओझा का पूरा परिवार नवमी की रात मेला घूमने गया था.जब सुबह साढ़े चार बजे परिवार लौटा तो घर का ताला टूटा पाया इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने घर के तीन कमरों के ताले तोड़ने के बाद दो अलमारियों के लॉक भी तोड़ दिए और उनमें रखे सोने के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए.
मेला घूमकर घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई. त्योहार के दौरान हुई इस वारदात से परिवार के सदस्य परेशान हैं. घटना के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है. फिलहाल मामले में पुलिस की शिकायत, जांच और आगे की कार्रवाई से संबंधित आधिकारिक जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे.
