, मरीन ड्राइव के लिए भी नए नियम
जमशेदपुर: जमशेदपुर में दुर्गापूजा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन को लेकर नया निर्देश जारी किया है. 15 से 21 अक्टूबर तक शहर में अलग-अलग समय पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. वहीं, प्रतिमा विसर्जन के दिन विसर्जन मार्ग पर बसों और चारपहिया वाहनों का परिचालन भी बंद रहेगा.
15 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे से भारी वाहनों पर रोक
प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, 15 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे से रात एक बजे तक बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा.
16 से 20 अक्टूबर तक सुबह पांच बजे से 11:30 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन दोनों ओर से किया जा सकेगा. इसके बाद सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह पांच बजे तक बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.
मरीन ड्राइव पर भी 16 से 20 अक्टूबर तक सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह पांच बजे तक बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. इस अवधि में मरीन ड्राइव पर भारी वाहनों को खड़ा करने की भी अनुमति नहीं होगी.
विसर्जन के दिन बसों और चारपहिया वाहनों पर भी रोक
21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन के दिन सुबह छह बजे से विसर्जन पूरा होने तक विसर्जन मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों, बसों और चारपहिया वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा.
प्रशासन ने पूरे शहर में सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने पर भी रोक लगाई है. विशेष रूप से स्ट्रेट माइल रोड पर पारसी मंदिर से पुराना कचहरी मोड़, एमजीएम चौक और टेलीफोन एक्सचेंज रोड में भारी वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी.
इसके अलावा बंगाल क्लब से नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड से आरडी टाटा गोलचक्कर, नीलडीह गोलचक्कर से लेबर ब्यूरो गोलचक्कर, कदमा थाना से रंकिणी मंदिर चौक, एनएमएल गोलचक्कर से बर्मामाइंस टैक्सी स्टैंड गोलचक्कर और मानगो चौक से पारडीह चौक तक सड़क पर भारी वाहन खड़े नहीं किए जा सकेंगे.
जरूरी सेवाओं के वाहनों को छूट
दुर्गापूजा के दौरान 15 से 21 अक्टूबर तक पीएचइडी, बिजली विभाग, रेडक्रॉस सोसाइटी और अग्निशमन विभाग के वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है.
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय और मार्ग से जुड़े निर्देशों का पालन करें, ताकि पूजा के दौरान शहर में यातायात सुचारू बना रहे.
