जुगसलाई ईदगाह मैदान में मवेशी चोरी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो मोहल्लों में पथराव, पुलिस ने की हवाई फायरिंग 

पुलिस पर भी हमला, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग; इलाके में तनाव
जमशेदपुर, 4 सितंबर। संवाददाता। जुगसलाई के ईदगाह मैदान के पास शुक्रवार देर रात चोरी के मवेशी को कसाईखाने में खपाए जाने की सूचना को लेकर दो मोहल्लों के लोगों के बीच जमकर बवाल हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी लोगों की झड़प हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ हवा में फायरिंग करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, रामदास भट्टा गाड़ी मोहल्ला से एक बछड़े के चोरी होने की सूचना थी। स्थानीय लोगों को जानकारी मिली कि चोरी किए गए बछड़े को जुगसलाई के ईदगाह मैदान के समीप सदवा होटल के पास स्थित कसाईखाने में खपाया जा रहा है। इसके बाद रामदास भट्टा गाड़ी मोहल्ला के बड़ी संख्या में लोग ईदगाह मैदान की ओर पहुंच गए।
वहां पहुंचने पर लोगों ने कथित रूप से चोरी के मवेशी को खपाए जाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के बाद एक-दूसरे पर पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए इस बवाल से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ती देख क्यूआरटी की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बताया जाता है कि कुछ लोग पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए और हाथापाई करने लगे। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में फायरिंग की। इसके बाद उपद्रव कर रहे लोग इधर-उधर भागे और स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी, डीएसपी सहित जिले के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक इलाके में पुलिस की तैनाती रही और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के बाद घटना के कारणों और विवाद में शामिल लोगों की पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वास्तव में चोरी हुआ मवेशी कहां ले जाया गया था और उसे कसाईखाने में खपाए जाने की सूचना कितनी सही थी। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।

Share this News...