एस टाइप दुर्गा पूजा मैदान में दिखेगा अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर की आकृति का पूजा पंडाल

50 लाख रुपये के बजट से बनेगा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमिपूजन
आदित्यपुर, 21 अगस्त। एस टाइप स्थित सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब दुर्गा पूजा कमेटी इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक और भव्य पंडाल का निर्माण कराने जा रही है। पंडाल की थीम अमेरिका के प्रसिद्ध स्वामीनारायण मंदिर पर आधारित होगी। शुक्रवार को पंडाल निर्माण स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन किया गया। मुख्य संरक्षक मनोज सिंह और अध्यक्ष दिनेश सिंह उर्फ बबलू सिंह मुख्य यजमान के रूप में मौजूद रहे।
पूजा कमेटी के अनुसार इस वर्ष आयोजन का कुल बजट करीब 50 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें लगभग 30 लाख रुपये पंडाल निर्माण और 10 लाख रुपये विद्युत सज्जा पर खर्च किए जाएंगे। प्रस्तावित पंडाल करीब 85 फीट ऊंचा और 100 फीट चौड़ा होगा। पंडाल के बाहरी और आंतरिक हिस्से में क्रिस्टल एवं ग्लास वर्क आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
मां दुर्गा की प्रतिमा भी शीशे और फाइबर के विशेष स्वरूप में तैयार की जाएगी। पंडाल और प्रतिमा का निर्माण पश्चिम बंगाल के कांथी के कुशल कारीगर कर रहे हैं, जबकि विद्युत सज्जा चंदननगर के कलाकारों द्वारा की जाएगी।
आयोजन को व्यवस्थित रूप देने के लिए पूजा कमेटी का गठन भी किया गया है। मनोज सिंह को प्रधान संरक्षक, जबकि विमल सिंह, छोटे सिंह, विनोद सिंह और इंदर अग्रवाल को संरक्षक बनाया गया है। दिनेश सिंह उर्फ बबलू सिंह अध्यक्ष, राणा सिंह और भोला सिंह उपाध्यक्ष तथा नीरू सिंह, विक्की सिंह और सोनू खान सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। चिंटू कुमार को पूजा इंचार्ज और संजीव पांडे को कोषाध्यक्ष बनाया गया है.
आयोजकों को उम्मीद है कि दुर्गा पूजा के दौरान यह पंडाल आदित्यपुर-जमशेदपुर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण बनेगा।

Share this News...