गम्हरिया18 july सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया के बोलियाडीह में शनिवार दोपहर मंदिर के ठीक सामने करीब दोपहर 1:00 बजे 4 से 5 अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की धारदार हथियार से काटकर निर्मम हत्या कर दी.
मृतक की पहचान गम्हरिया निवासी जगन्नाथ गोप उर्फ कड़ा के रूप में हुई है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात को मौके पर मौजूद दर्जनों लोगों ने देखा लेकिन खौफ के कारण कोई भी कुछ बोलने का साहस नहीं जुटा सके. इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से मौके से फरार हो गए. घटना के बाद से ही पूरे बोलियाडीह और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी ने क्या कहा
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि युवक की चाकू व धारदार हथियार से गोदकर हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस की टीम आरोपियों की पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है.
