अपने ही घर में मृत पाए गए रिम्स के डॉक्टर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलेगा राज
रांचीः झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के 32 वर्षीय डॉक्टर सानू सनल बरवार अपने ही घर में मृत पाए गए हैं. डॉ. सानू की मौत कैसे हुई इसके लिए रांची के रिम्स में उनका पोस्टमार्टम करवाया गया है.
घर में पाए गए मृत
डॉ. सानू सनल बरवार रिम्स के सर्जरी विभाग के पोस्ट ग्रेजुएट प्रथम वर्ष के छात्र थे और रांची के नगड़ी के निवासी थे. सानू के मित्रों ने बताया कि शनिवार की सुबह में यह सूचना मिली कि वह सोकर उठे ही नहीं हैं. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में घर से नजदीक एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रिम्स में पीजी के छात्र थे
रिम्स के पीआरओ ने बताया कि डॉ सनल सानू बरवार रिम्स के सर्जरी पीजी 2014 बैच के छात्र थे. वे बेडो CHC के चिकित्सा पदाधिकारी थे और उच्च शिक्षा के लिए अवकाश पर थे. वे अपने आवास पर मृत पाए गए. पहले उन्हें रिंची हॉस्पिटल ले जाया गया था,फिर उन्हें रिम्स लाया गया था.
रिम्स में हुआ पोस्टमार्टम
रांची के सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि डॉक्टर सनल सानू बरवार अपने ही घर में मृत पाए गए थे. डॉक्टरों की देखरेख में शव पोस्टमार्टम करवाया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है.
