धनबाद में दो मिठाई दुकान में लगी भीषण आग,

धनबाद: जिले के सबसे व्यस्त इलाके बैंक मोड़ में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ा गुरुद्वारा के सामने स्थित दो मिठाई दुकानों में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया.

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था.

बताया जा रहा है कि सुबह दुकान खुलने के बाद समोसा और अन्य खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी. इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी. दुकानदारों का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है. चूंकि दुकान सड़क किनारे थी, इसलिए दमकल कर्मियों को आग बुझाने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई.स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों दुकानें दो भाइयों द्वारा संचालित की जाती हैं और यहां हमेशा ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है. आरोप है कि दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है और सड़क किनारे ही चूल्हा जलाकर खाद्य सामग्री तैयार की जाती है. लोगों का कहना है कि इस वजह से इलाके में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई.

Share this News...