आयुष्मान भारत योजना लागू और BSF को जमीन… शुभेंदु अधिकारी ने पहली कैबिनेट मीटिंग में लिए 6 बड़े फैसले

कोलकाता मई 11,

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक में 6 अहम फैसले लिए गए. इसमें आयुष्मान भारत योजना को लागू करना और BSF को 45 दिन में जमीन देने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मौके पर चुनाव आयोग को भी धन्‍यवाद दिया. कैबिनेट ने राज्य में हिंसा-मुक्त और सफल चुनाव कराने के लिए सभी मतदाताओं और भारत निर्वाचन आयोग का आभार जताया.

चुनाव आयोग का धन्यवाद
नई पश्चिम बंगाल सरकार की पहली कैबिनेट बैठक ने राज्य में हिंसा-मुक्त और सफल चुनाव कराने के लिए सभी मतदाताओं और भारत निर्वाचन आयोग का आभार जताया. सीएम शुभेंदु अधिकरी ने कहा कि चुनाव के दौरान चुनाव आयोग का काम काबिले तारीफ रहा है.

321 शहीद कार्यकर्ताओं को सम्मान
मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कैबिनेट बैठक के दौरान बताया कि बीजेपी सरकार बनने के लिए बलिदान देने वाले 321 कार्यकर्ताओं को आज श्रद्धांजलि दी गई. उन्होंने कहा, “हम उनके परिवारों को न्याय दिलाएंगे. इन बीजेपी कार्यकर्ताओं का बलिदान व्‍यर्थ नहीं गया है. हर कीमत पर इन लोगों को न्‍याय मिलेगा”

BSF को जमीन आवंटन
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमावर्ती इलाकों में जनसांख्यिकीय बदलाव को ध्यान में रखते हुए BSF को बॉर्डर फेंसिंग के लिए जमीन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह काम 45 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
आयुष्मान भारत लागू
बीजेपी ने बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि सत्‍ता में आने पर राज्‍य में आयुष्‍मान भारत स्‍कीम को लागू किया जाएगा. अब ये वादा पूरा होने जा रहा है. शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्य ने आधिकारिक तौर पर केंद्र की स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत’ से जुड़ने का फैसला किया है. CM ने कहा कि अब PM की सभी योजनाएं बंगाल में लागू की जाएंगी.

नौकरशाहों की केंद्रीय ट्रेनिंग और BNS लागू
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पिछली CM ममता बनर्जी द्वारा रोकी गई नौकरशाहों की केंद्रीय ट्रेनिंग और तैनाती को मंजूरी दे दी गई है. साथ ही, बंगाल में अब तक लागू न हुई भारतीय न्याय संहिता यानी BNS आज से प्रभावी हो गई है. अब सभी नए केस नए कानून के तहत दर्ज होंगे.

Share this News...