दक्षिण पूर्व रेलवे के नए जीएम होंगे अनिल कुमार जैन

जमशेदपुर । भारतीय रेलवे के प्रमुख जोनों में शामिल दक्षिण पूर्व रेलवे को नया महाप्रबंधक (जीएम) मिल गया है। रेलवे बोर्ड द्वारा 8 अप्रैल 2026 को जारी आदेश के अनुसार अनिल कुमार जैन (IRSEE, 1990 बैच) को इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति (एसीसी) की मंजूरी के बाद की गई है।
अनिल कुमार जैन भारतीय रेलवे इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सेवा (IRSEE) के वरिष्ठ अधिकारी हैं और अपने लंबे प्रशासनिक व तकनीकी अनुभव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में राजकोट मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के रूप में कार्य किया, जहां संचालन और प्रबंधन स्तर पर कई सुधार किए। इसके बाद वे अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना से भी जुड़े रहे और शहरी परिवहन से संबंधित परियोजनाओं का अनुभव प्राप्त किया।
दक्षिण पूर्व रेलवे में यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब पूर्व महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। उनके रिटायरमेंट के बाद अतिरिक्त महाप्रबंधक सौमित्रो मजूमदार को अस्थायी रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
कोलकाता मुख्यालय वाला दक्षिण पूर्व रेलवे झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से को कवर करता है। यह जोन खनिज, कोयला और स्टील के परिवहन के लिए देश के सबसे महत्वपूर्ण रेलवे नेटवर्क में शामिल है, जिससे इसका रणनीतिक महत्व और बढ़ जाता है।
नए जीएम के रूप में अनिल कुमार जैन के सामने कई चुनौतियां होंगी। इनमें ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार, यात्री सुविधाओं का विस्तार, माल ढुलाई को अधिक कुशल बनाना और रेलवे आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण को गति देना प्रमुख है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक लागू रहेगी। उनके नेतृत्व में दक्षिण पूर्व रेलवे के बेहतर प्रदर्शन और विकास की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this News...