बिहार में जेडीयू नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे या नहीं, इस पर तस्वीर आज साफ हो जाएगी. सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार आज राज्यसभा चुनाव में आखिरी दिन नामांकन दाखिल कर सकते हैं. उनके बेटे के बिहार की राजनीति में एंट्री की भी संभावना है. उन्हें बिहार में डिप्टी सीएम बनाए जाने के कयास भी लगाए जा रहे हैं. नीतीश कुमार के केंद्र में जाने के बाद मुख्यमंत्री पद बीजेपी के खाते में जा सकता है. बिहार की राजनीति में पिछले दो दशकों से नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहे हैं. ईबीसी वर्ग में गहरी पैठ के साथ उन्हें सुशासन बाबू भी कहा जाता है. महागठबंधन के साथ 2-3 वर्षों का साथ छोड़ दें तो बीजेपी और जेडीयू का गठबंधन बिहार की सत्ता में रहा है, हालांकि कमान हमेशा नीतीश कुमार के हाथों में रही है.
नीतीश कुमार ही रहें बिहार के सीएम -राजीव रंजन पटेल
JDU नेता राजीव रंजन पटेल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन दाखिल करने की संभावना पर कहा, निशांत कुमार को राज्यसभा भेजें, लेकिन बिहार के सीएम नीतीश कुमार रहें. बिहार की जनता रो रही है, किसी ने कल होली नहीं मनाई है. आज हजारों जदयू कार्यकर्ता रो रहे हैं. लोगों ने नीतीश के लिए वोट मांगा था न कि किसी अन्य के लिए नहीं. आज नीतीश कुमार हट जाएंगे तो किसी ने कार्यकर्ताओं से नहीं पूछा. नीतीश कुमार का स्वास्थ्य ठीक है.
बीजेपी से नितिन नवीन और शिवेश कुमार प्रत्याशी
BJP ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन और बिहार इकाई के महासचिव शिवेश कुमार को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है. एनडीए में शामिल दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है.
नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बने थे सीएम
नीतीश कुमार ने 4 महीने पहले 20 नवंबर को पटना में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. नीतीश कुमार बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की थी. विधानसभा चुनाव में बीजेपी-जेडीयू की अगुवाई वाले गठबंधन को 200 से ज्यादा सीटों पर शानदार जीत मिली थी.
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावना के बीच जदयू के कुछ नेता भी मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे थे. नीतीश कुमार और बेटे निशांत के समर्थन में नारे लगाए गए. नीतीश कुमार के पुत्र निशांत जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने सकते हैं.
बीजेपी के सूत्रों ने नीतीश कुमार के पद छोड़ने की स्थिति में नए मुख्यमंत्री को लेकर चुप्पी साध रखी है. सूत्रों ने कहा कि इस तरह का फैसला केवल दिल्ली स्थित उनके शीर्ष नेतृत्व द्वारा ही लिया जा सकता है.
नीतीश कुमार 12 बजे के करीब दाखिल कर सकते हैं नामांकन
जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. चौधरी का यह बयान राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल होने से ठीक एक दिन पहले आया है. पिछले सप्ताह 75 वर्ष के हुए नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं.मुख्यमंत्री ही अंतिम निर्णय लेंगे.
