जमशेदपुर : चक्रवाती तूफान मोंथा के बाद जमशेदपुर में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार से शहर में ठंड के तेवर और तेज दिखने लगे हैं। सुबह-शाम धुंध बढ़ गया है और रात आठ बजे के बाद भी कई क्षेत्रों में कोहरा साफ देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होती रहेगी। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। आर्द्रता अधिकतम 88% एवं न्यूनतम 37% दर्ज की गई। मौसम विभाग का दावा है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा और 11 नवंबर तक यह घटकर करीब 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इस बार कैसे पड़ेगी ठंड?
मौसम विभाग के अनुसार, इस साल नवंबर में तापमान का ट्रेंड सामान्य से कुछ ज्यादा नीचे जा सकता है। चक्रवाती तूफान के गुजरने के बाद आमतौर पर हवा का दबाव बदलता है।
जमीन पर नमी, हवा की दिशा और क्लियर स्काई के कारण रात में तापमान तेजी से नीचे गिरता है। हवा उत्तरी दिशा से साफ और सूखी आने लगेगी जिससे सुबह के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। दिन में थोड़ी धूप रहेगी लेकिन शाम के बाद ठंड और कोहरा तेज होगा।
अधिक ठंड क्यों पड़ेगी?
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून के बाद संक्रमणकालीन मौसम लंबा रहा। अक्टूबर में नमी बनी रही और उसके बाद अचानक साफ आसमान और उत्तरी हवा के कारण तापमान तेजी से नीचे जाने लगा।
विशेषज्ञों के मुताबिक, शहर में पिछले तीन सालों के मुकाबले इस बार नवंबर में न्यूनतम तापमान कम रहने की संभावना है। पिछले वर्ष नवंबर के पहले पखवाड़े में तापमान 15 से 17 डिग्री रहता था, लेकिन इस बार 11 तारीख से पहले ही यह 13 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। इससे लोगों को अचानक ठिठुरन वाली ठंड महसूस होगी।
