झारखंड में एकबार फिर जोरदार बारिश के आसार हैं। IMD की मानें तो कम दबाव से बने नए सिस्टम के कारण झारखंड में 2 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 2 अक्टूबर के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दशहरे के मौके पर झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने 2 से 3 अक्टूबर के दौरान झारखंड के गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञानियों ने 2 से 3 अक्टूबर के दौरान इन जिलों में 7 से 11 मिमी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड में हवाएं भी चल सकती हैं। आमतौर पर 3 अक्टूबर तक झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है।
मौसम विभाग ने 28 से लेकर 30 सितंबर के दौरान झारखंड के रांची, रामगढ़, खुंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहारदगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक, झंझावात और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो पहली अक्टूबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया में 24 घंटे के दौरान सूबे में सबसे अधिक 38.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सूबे में गोड्डा सबसे गर्म स्थान रहा। गोड्डा में तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सूबे में सबसे कम तापमान लातेहार में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंकड़ों पर नजर डालें तो एक जून से मानसून के दौरान सूबे में 1,199.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।