5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की ओर देश अग्रसर : जेपी नड्डा

राजरप्पा में की पूजा अर्चना
हजारीबाग ,4 अक्तूबर (ईएमएस): हजारीबाग में आयोजित बूथ सह शक्ति केंद्र सम्मेलन में शुक्रवार को पहुंचे जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम 2024 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की ओर अग्रसर हैं। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा ने सम्मेलन के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता ही हैं। इस दौरान नड्डा ने कार्यकर्ताओं से झारखंड को विकास की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही कहा कि आपके प्रयासों से ही झारखंड में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनेगी।

भाजपा ऐसी पार्टी जो खुद तोड़ती है अपना रिकार्ड
जेपी नड्डा ने कहा कि हर राजनीतिक कार्यकर्ता अपने दल को यशस्वी करने को हमेशा तत्पर रहता है। मैं ये मानता हूं कि जो भाजपा का कार्यकर्ता है वह अपने आप को भाग्यशाली मानें क्योंकि भाजपा जिस विचारधारा के साथ काम कर रही है उसकी चर्चा देश ही नहीं विदेशों में भी हो रही है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान में हमारे कार्यकर्ताओं ने सिर्फ नए सदस्य ही नहीं बनाये बल्कि 1 लाख 85 हजार कार्यकर्ताओं ने एक हफ्ता विस्तारक के रूप में रहकर भी कार्य किया। आज कोई भी हमारे साथ मुकाबला करने को तैयार नहीं है। हम ऐसी पार्टी हैं जो अपना रिकॉर्ड खुद तोड़ती है।

11 से बढ़कर 17 करोड़ पहुंची भाजपा के सदस्यों की संख्या
जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा ने अपनी सदस्य संख्या को 11 करोड़ से 17 करोड़ पहुंचा दिया है। हमारे पास प्रदेश से लेकर इलाके तक, लोकसभा से लेकर विधानसभा और ग्राम पंचायत तक शक्तिशाली नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि दुनिया में 193 देश हैं, उस 193 देशों में अगर 7 देशों को छोड़ दिया जाए तो बाकी सारे देशों की जनसंख्या से ज्यादा हमारी सदस्य संख्या है।
भाजपा छोड़ अन्य पार्टियां एक परिवार की जागीर बनकर रह गई हैं: रघुवर दास
हजारीबाग में बूथ सह शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों का जन्म विचारधारा से होता है। भाजपा को छोड़कर बाकी सभी पार्टियां एक परिवार की जागीर बन कर रह गई हैं। बीजेपी की शक्ति का केंद्र कोई और नहीं करोड़ों कार्यकर्ता हैं। देश ही नहीं, आज दुनिया में अगर कोई सबसे बड़ी पार्टी है तो वो है भारतीय जनता पार्टी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में ऐसा करिश्माई नेता मिला है जिसे पूरी दुनिया अपना नेता मान रही है। विपक्ष के पास न नेता है, और न ही जनता में उनकी स्वीकार्यता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीबों की जिदंगी बदल रही है। करोड़ों बहनें धुएं की घुटन से मुक्त हो रही हैं। गरीबों को अपना घर मिल रहा है। ये सब काम इसलिए हो रहे हैं क्योंकि मोदी ने गरीबी देखी है और अभाव के दर्द को महसूस किया है।

कांग्रेस के कुशासन में सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि छह दशक तक कांग्रेस ने देश पर राज किया। कांग्रेस के कुशासन में सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले हुए। कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों ने देश को खोखला कर दिया। लेकिन आज मोदी के सुशासन में गरीबों को उनका शत प्रतिशत हक मिल रहा है। आज जनता इस फर्क को महसूस कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद कांग्रेस और जेएमएम ने झारखण्ड को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना दिया। 2014 में मोदी ने झारखण्ड की जनता से आह्वान किया कि आप हमें पूर्ण बहुमत दो हम संपूर्ण विकास करेंगे। 5 साल में डबल इंजन सरकार ने बेदाग, पारदर्शी व्यवस्था देकर विकास की नई तस्वीर पेश की है। कांग्रेस ने 67 साल तक किसानों के साथ धोखा किया। उन्हें कर्जदार बनाया लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार किसानों को कर्ज की ङ्क्षचता से मुक्त कराकर, उनकी आय दोगुनी कर उनके समृद्ध भविष्य की नींव रख रही है।

Share this News...