42 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी झामुमो, महागठबंधन पर फैसला जल्द-हेमंत

रांची ,6 नवंबर (ईएमएस): नेता प्रतिपक्ष और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा है कि वे गठबंधन के लिए प्रयासरत हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो 42 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वे बुधवार को झामुमो की कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे। महागठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि आज देर रात तक गठबंधन का चेहरा सामने आ जाएगा।

बाबूलाल मरांडी के महागठबंधन में शामिल होने के सवाल पर कहा कि बाबूलाल मरांडी से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हुआ है। इस दौरान भाजपा नेता समीर मोहंती जेएमएम में शामिल हुए। प्याज की बढ़ती कीमत पर हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इसके खिलाफ सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी।
जेवीएम को महागठबंधन में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने उन्हें मिलने का समय नहीं दिया।
भाजपा में नेताओं का अकाल : सोरेन
हेमंत सोरेन ने पाला बदलने वाले विधायकों के सवाल पर कहा कि सभी लोग जानते हैैं कि झामुमो राजनीति की नर्सरी रही है। भाजपा में नेताओं का अकाल पड़ गया है, इसलिए अब वो धनबल पर नेताओं की खरीद फरोख्त कर रही है। अब भाजपा इसमें पारंगत हो गई है। उन्होंने कहा कि गुरुजी राजनीति के गॉड फादर हैैं और उनके साथ चलना आसान नहीं है, जो उनके साथ नहीं चल पाते हैैं, वे किनारे हो जाते हैैं।

मंहगाई के विरोध में धरना प्रदर्शन
प्याज की बढ़ती कीमतों पर रघुवर सरकार को घेरते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा सरकार में सब्जियों के दाम बेतहाशा बढ़ रहे हैैं। प्याज की बढ़ती कीमत की वजह से अब गरीब की थाली से प्याज भी गायब हो गया है। इसके खिलाफ झामुमो जल्द ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में धरना- प्रदर्शन करेगी।

Share this News...