भात-भात कहकर दम तोड़ रहीहैं छोटी बच्चियां-प्रियंका गांधी आदिवासियों की जमीन छीन रही भाजपा प्रियंका ने अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

रांची ,18 दिसंबर (ईएमएस) : अपने पहले प्रचार दौरे पर झारखंड पहुंची प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर आदिवासियों की जमीन छीनकर चहेते उद्योगपतियों को देने का आरोप लगाया है। बुधवार को साहेबगंज जिले के बरहड़वा में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- भाजपा सरकार प्रचार में सुपर हीरो है, लेकिन काम में सुपर जीरो है।
प्रियंका ने कहा- ये झरने तालाब जमीन आपके है। आप शांति प्रिय हैं, लेकिन जब आपके सम्मान की बात आती है, तो आप शांत नहीं रहते। यह आपको सिद्धो और कान्हो ने सिखाया है, उनको मेरा नमन। जब से भाजपा की सरकार आपके प्रदेश में आई, तब से आपकी आत्मा पर हमला किया गया है। भाजपा को जंगल के हजारों रंग नहीं दिखते। ये आपकी आदिवासी संस्कृति को बर्बाद करते हैं। जो कानून आपकी संस्कृति बचाने के लिए बनाए गए । उन कानूनों को हटाने के लिए भाजपा ने पूरी कोशिश की। इसी संघर्ष में इंदिरा गांधी हमेशा जल जंगल जमीन पर आदिवासियों के अधिकार बचाने में लगी रहीं।
प्रियंका ने कहा…
सरकारी बैंक ने अमीरों के कर्ज माफ किए, जबकि किसान आत्महत्या कर रहे हैं। अगर किसान की मदद नहीं कर सकती, तो किस काम की सरकार है। झारखंड में किसानों को धान की कीमत 1300 रुपए प्रति ङ्क्षक्वटल मिल रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में 2500 रुपए मिल रहे हैं। इनका फार्मूला है, गरीबों से पैसा छीनों और अमीरों को दे दो। मनरेगा बंद हुई, आपकी जेब खाली हो गई। मजदूरी बंद हो गई, स्कूल बंद कर दिए गए। इन्होंने सरकारी कंपनियां बेच दीं, जो नहीं बेचीं, उन्हें बेचने की तैयारी है।
यहां खनिज संपदा के बावजूद गरीबी है। छोटी बच्चियां भात-भात कहकर दम तोड़ रही है। इनकी मौत को भाजपा सरकार झुठलाना चाह रही है। भाजपा ने 12 लाख परिवारों के राशन कार्ड रद्द कर दिए। भाजपा सरकार प्रचार में सुपर हीरो है, काम में सुपर जीरो है। इनकी सरकार से पूछना चाहती हूं कि पांच साल में कितने युवाओं को रोजगार दिया। पलायन रोका या कोई उद्योग लगवाया। कितने कॉलेज खोले, कितनी गरीबी मिटाई। यहां के क्रेशर बंद हुए, कोयला खदानें बंद हुईं। पाकुड़ में प्याज 150 रुपए किलो में मिल रहा है।
देश की स्थिति ये है कि कोने-कोने में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। यूपी में भाजपा विधायक ने बच्ची के साथ बलात्कार किया। जब तक जनता ने आवाज नहीं उठाई, भाजपा सरकार ने उसका बचाव किया। झारखंड में भी भाजपा का एक ऐसा उम्मीदवार है, जिसके मंच पर मोदी खड़े होकर वोट मांग रहे हैं। मोदी देश की सच्चाई पर नहीं बोलते। जब बोलते हैं, तो बहानेबाजी करते हैं। जैसे फेल होने वाला बच्चा स्कूल में बहाना बनाता है।
मोदी सरकार रोजगार देने में फेल, अर्थव्वस्था में फेल, किसान को सक्षम बनाने में फेल, छात्रों की आवाज सुनने में फेल, महिलाओं की सुरक्षा में फेल, महंगाई को रोकने में फेल, और इन सबके लिए बहाना – कांग्रेस पार्टी। सच्चाई ये है कि पांच साल में भाजपा ने कुछ नहीं दिया। सच्चाई यह है कि सारी जिम्मेदारी भाजपा और पीएम मोदी की है।

प्रियंका ने मोदी को दी चुनौती

जब अर्थव्यवस्था फेल हुई, नए-नए कानूनों के जरिए मुद्दों को भटकाया गया। एनआरसी फेल हो गया, फिर सीएए लाया गया। असम जल रहा है, दिल्ली में छात्रों ने आवाज उठाई, तो लाठीचार्ज किया। फेल पीएम के पास कोई जवाब नहीं है। खोखली चुनौती देने के लिए वे झारखंड में मंच पर खड़े हुए। यहां झारखंड की जनता की तरफ से मैं पीएम को चुनौती देती हूं कि मोदी जी, संथाल परगना के बारे में बोलिए। बेरोजारी, भूख, बलात्कार, भ्रष्टाचार, गायब रोजगार पर बोलिए। आप जोड़ के पीएम हैं या तोड़ के पीएम हैं, इस पर बोलिए। इसका जवाब आपके पास नहीं है। जिस तरह आप मैदान से कुर्सी हटा रहे हैं, उसी तरह आप इन्हें सरकार से हटाइए। ऐसी सरकार बनाइए, जो आपके पक्ष और हित में काम करे।

Share this News...