-
जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के महाप्रबंधक (जीएम) पद पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। रेल मंत्रालय द्वारा 30 मार्च 2026 को जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान जीएम अनिल कुमार मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद इस पद का अतिरिक्त प्रभार सौमित्र मजूमदार को सौंपा गया है।
आदेश में कहा गया है कि अनिल कुमार मिश्रा 31 मार्च 2026 को सेवा निवृत्त (सुपरएनुएशन) हो रहे हैं। उनके रिटायर होने के साथ ही दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक पद की प्रशासनिक एवं वित्तीय जिम्मेदारियां अतिरिक्त रूप से सौमित्र मजूमदार को दी जाएंगी।
वर्तमान में सौमित्र मजूमदार दक्षिण पूर्व रेलवे में अपर महाप्रबंधक (AGM) के पद पर कार्यरत हैं और भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के वरिष्ठ अधिकारी हैं। रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उन्हें यह जिम्मेदारी नियमित नियुक्ति होने या अगले आदेश जारी होने तक दी गई है।
इस अवधि के दौरान मजूमदार महाप्रबंधक के सभी प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों का निर्वहन करेंगे। उनके औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करने की तिथि की सूचना अलग से जारी की जाएगी।
कोलकाता मुख्यालय वाला दक्षिण पूर्व रेलवे भारतीय रेलवे के प्रमुख जोनों में शामिल है, जो पूर्वी भारत के कई अहम रेल मार्गों का संचालन करता है। ऐसे में महाप्रबंधक का पद अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, जो जोन के संचालन, विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और राजस्व प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालता है।
अनिल कुमार मिश्रा के कार्यकाल को भी उल्लेखनीय माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में जोन में कई विकासात्मक कार्य और परिचालन सुधार सफलतापूर्वक लागू किए गए। अब सौमित्र मजूमदार के सामने इन कार्यों को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।
रेलवे बोर्ड के इस फैसले को प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे जोन के कार्यों और परियोजनाओं के संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी।
