झारखंड में मानसून उम्मीद के मुताबिक नहीं, अब तक राज्य में 41% कम बारिश

1 जून से 15 जुलाई 2026 के बीच राज्य में औसतन 197.7 मिमी वर्षा दर्ज

 

रांचीः झारखंड में मानसून की रफ्तार अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. 1 जून से 15 जुलाई 2026 के बीच राज्य में औसतन 197.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 336.6 मिमी होनी चाहिए थी. इस तरह राज्य में अब तक 41 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है. मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक अधिकांश जिले सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में हैं, जबकि किसी भी जिले में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज नहीं हुई है.

एक भी जिला नहीं जहां सामान्य से ज्यादा बारिश

मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 15 जुलाई के दौरान झारखंड के किसी भी जिले में सामान्य से 20 प्रतिशत या उससे अधिक वर्षा दर्ज नहीं हुई. यानी राज्य का कोई भी जिला अतिरिक्त वर्षा की श्रेणी में नहीं है.

सिर्फ दुमका में सामान्य बारिश

इस अवधि में दुमका एकमात्र जिला रहा जहां वर्षा सामान्य श्रेणी में रही. यहां सामान्य की तुलना में 16 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई, जो मौसम केंद्र की परिभाषा के अनुसार सामान्य श्रेणी में आती है.

20 से 59 प्रतिशत कम बारिश वाले जिले

राज्य के अधिकांश जिले सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत कम वर्षा की श्रेणी में हैं. इन जिलों में ये शामिल हैं.-

जिला बारिश की स्थिति
सरायकेला-खरसावां -21%
सिमडेगा -23%
रांची -24%
पश्चिमी सिंहभूम -28%
जामताड़ा -34%
धनबाद -36%
रामगढ़ -39%
गुमला -40%
पूर्वी सिंहभूम -41%
बोकारो -46%
गोड्डा -46%
गिरिडीह -47%
लोहरदगा -48%
खूंटी -48%
लातेहार -49%
पलामू -49%
साहिबगंज -49%
हजारीबाग -53%
देवघर -56%

60 से 99 प्रतिशत तक कम बारिश वाले जिले

झारखंड के चार जिले ऐसे हैं जहां वर्षा की स्थिति ‘स्कैंटी’ यानी 60 से 99 प्रतिशत कम श्रेणी में दर्ज की गई हैं. इनमें ये जिले शामिल हैंं.-

जिला बारिश की स्थिति
गढ़वा -80%
चतरा -69%
कोडरमा -63%
पाकुड़ -60%

आज इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम केंद्र ने आज पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. आज मध्य झारखंड, दक्षिणी झारखंड, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा. रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

Share this News...