झारखंड में एक चरण में बैलेट पेपर से चुनाव की मांग भाजपा छोड़ अन्य दलों ने चुनाव आयोग को दिया सुझाव भाजपा ने पांच चरण में चुनाव कराने की मांग की

रांची,17 अक्टूबर इएमएस भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने रांची में गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इस दौरान भाजपा, कांग्रेस समेत अन्?य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आयोग की टीम ने विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत की। इस दौरान भाजपा को छोड़कर बाकी अन्य दलों ने विधानसभा चुनाव एक चरण में और बैलेट पेपर से कराने की मांग की। भाकपा ने कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से हो। बसपा ने भी बैलेट पेपर से चुनाव की मांग की। भाजपा ने बांग्लादेशी घुसपैठ की बात उठाई। भाजपा ने आयोग से अतिरिक्त ईवीएम का प्रबंध करने की मांग की।
साथ ही प्रदेश में 5 चरणों में चुनाव कराने की मांग की। कहा कि मतदान केंद्र दो किलोमीटर से अधिक दूर न हो। तृणमूल पार्टी ने एक ही चरण में चुनाव कराने की मांग की। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल रुके। कहा कि 42 डीएसपी का हाल में हुआ तबादला चुनाव को प्रभावित करने के लिए है। एक चरण में चुनाव नहीं होना कहीं ना कहीं सरकार की विफलता है। पार्टी ने बैलेट या ईवीएम से चुनाव को लेकर कोई मंतव्य नहीं दिया। राजद ने कहा कि सत्ताधारी दल को सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने से रोका जाए।
झामुमो ने चुनाव आयोग की टीम के साथ बैठक में आरोप लगाया कि राज्य के कई उपायुक्त भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। यह बहुत खतरनाक स्थिति है। पार्टी ने राज्य में एक ही चरण में चुनाव कराने की मांग की। कहा कि प्रचार का समय समाप्त होने के बाद आसपास के जिलों/राज्यों में बड़ेे नेताओं की गतिविधियां सीमित हों।
झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) ने हेलीकॉप्टर से प्रचार की अनुमति के लिए प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। कहा कि चुनाव में प्रचार का सभी को अवसर मिले। पेड न्यूज और पेड व्यूज पर आयोग का नियंत्रण होने की भी मांग की। इधर, एनडीए गठबंधन की पार्टी आजूस ने भाजपा के विपरीत एक ही चरण में चुनाव कराने की मांग की। कहा कि हर बूथ पर पुलिस बल मौजूद हो।
इससे पूर्व, झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां परखने चुनाव आयोग की टीम रांची पहुंची। गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे रांची एयरपोर्ट पर रांची के डीसी ने आयोग की टीम की अगवानी की। भारत निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय टीम अपने दो दिवसीय दौरे पर झारखंड में अब तक की चुनावी तैयारियों का जायजा लेगी।
चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग की टीम के रांची आने के बारे में कहा जा रहा है कि यह टीम चुनाव की तारीखों के एलान के पहले जमीनी हालात देखने पहुंची है। इस टीम में उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन, संदीप सक्सेना, चंद्रभूषण कुमार शामिल हैं। टीम के साथ ही आयोग के अन्य पदाधिकारी भी रांची आ रहे हैं।
25 के बाद झारखंड चुनाव की घोषणा
चुनाव आयोग की ओर से झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा 25 अक्टूबर के बाद की जा सकती है। भारत निर्वाचन आयोग की टीम दो दिनों तक रांची में महत्वपूर्ण बैठक के बाद अपना फीडबैक आयोग को देगी, जिसके बाद चुनाव की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि 24 अक्टूबर को महाराष्ट्र तथा हरियाणा विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद झारखंड में चुनाव की घोषणा हो सकती है।

Share this News...