हुनर हाट मेले का हुआ विधिवत शुभारंभ, रोज दो घंटे सांस्कृतिक कार्यक्रम अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित किया गया है हुनर हाट मेला पहली बार रांची में आयोजित हुनर हाट मेले में 100 क्राफ्ट के स्टॉल लगाए गए हैं

रांची ,1 मार्च (ईएमएस) : अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हरमू मैदान में आयोजित हुनर हाट मेले का रविवार को उद्घाटन किया गया। यह मेला 8 मार्च तक चलेगा। इसमें 22 राज्यों के हुनर के उस्तादों का हुनर दिखेगा। मेले का विधिवत शुभारंभ केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और रांची सांसद संजय सेठ ने किया। कई गणमान्य भी मौजूद थे।
पहली बार रांची में आयोजित हुनर हाट में 100 क्राफ्ट के स्टॉल लगाए गए हैं। जिसमें जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के हुनर के उस्तादों द्वारा तैयार उत्पाद उपलब्ध है। एक ही परिसर में लोगों को गुजरात का अजरख तो हिमाचल प्रदेश की ट्राइबल ज्वेलरी मिलेगी। असम के बेंत व बांस, जूट उत्पाद से लेकर पश्चिम बंगाल का काथा, ढकाई सिल्क, तांत साड़ी तो वाराणसी सिल्क, लखनवी चिकनकारी के साथ पटियाला की मशहूर फूलकारी व जूती तो राजस्थान का हैंडिक्राफ्ट और हैंडलूम उत्पाद मिल रहे हैं। हुनर हाट में रोजाना शाम में दो घंटे 6-8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 8 मार्च तक हर दिन होने वाले कार्यक्रम में एंकर और हास्य अभिनेता विनोद बजाज प्रस्तुति देंगे।
बिहार के चूल्हे से लेकर नवाबी पकवान तक
हाट में गुजरात की थाली, अम्मी जान की रसोई, बिहार के चून्हे से लेकर नवाबी पकवान, तमिल व्यंजन और पंजाबी रसोई का स्वाद ले सकते हैं। वहीं, यहां कई जगह सेल्फी प्वाइंट हैं। परिसर में कश्मी का शिकाला लोगों को आकर्षित कर रहा है। जबकि हाउस बोट में बच्चे मस्ती करते नजर आए।

Share this News...