देश में वंशवाद व परिवारवाद की राजनीति नहीं चलेगी: रघुवर दास

मुख्यमंत्री ने कहा- सशक्तिकरण को लेकर काम कर रही डबल इंजन की सरकार
छतरपुर, डालटनगंज, विश्रामपुर और पांकी से भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री
गढ़वा. बंशीधर नगर भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप शाही के नामांकन के मौके पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि देश में वंशवाद व परिवारवाद की राजनीति नहीं चलेगी। 2014 और 2019 के चुनाव में देश की कारोडो जनता ने इसे साबित भी किया है। देश और राज्य की जनता ने यह बताने का काम किया कि चाय बेचनेवाले का बेटा देश तथा मजदूर भी राज्य का मुख्य सेवक बन सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 साल तक जेएमएम और कांग्रेस ने झारखण्ड को तहस-नहस करने का काम किया। हर तरफ कांग्रेस और जेएमए के घोटालों की चर्चा होती थी। लेकिन आपके आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी ने झारखण्ड में बेदाग सरकार दी है। मुख्यमंत्री बुधवार को छतरपुर, डालटनगंज, विश्रामपुर और पांकी से भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में भी शामिल हुए।

जो काम आपने हमें सौंपा, हमने पूरी इमानदारी से उसे किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वा के घर-घर तक बिजली पहुंच चुकी है। जो काम आजादी के इतने सालों में कांग्रेस और जेएमएम नहीं कर पाई वो भाजपा ने सिर्फ 5 साल में कर दिखाया। पीएम मोदी के नेतृत्व में झारखण्ड ने तेजी से विकास किया है। जो काम आपने हमें सौंपा, वो हमने पूरी ईमानदारी से किया है। गांव-गरीब की समृद्धि से जेएमएम और कांग्रेस वाले बौखलाए हुए हैं। मगर अब उनकी दाल नहीं गलने वाली। बीते 5 साल में किसानों में आत्मविश्वास जगा है, उन्होंने इजरायल जाकर कृषि की उन्नत तकनीक सीखी है। अब 11 हजार से 31 हजार रुपए सीधे किसानों के अकाउंट में जा रहे हैं। बीते पांच साल में झारखण्ड ने तेजी से विकास किया है क्योंकि झारखण्ड की जनता ने वंशवादी जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी को सिरे से नकार दिया। झारखण्ड ने 14 साल तक राजनीतिक अस्थिरता का दंश झेला है। हम झारखण्डवासी महाठगबंधन वालों का खेल अच्छी तरह से समझते हैं। अब झारखण्ड में सिर्फ विकास की राजनीति चलेगी। आपसे अपील है कि भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप शाही को भारी मतों से विजयी बनाएं, फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाएं।

जेएमएम और कांग्रेस की मौकापरस्ती को समझ चुकी है जनता
छतरपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी पुष्पा देवी के नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में कोडरमा की जनता ने अन्नपूर्णा देवी को आशीर्वाद दिया, अबकी बार पुष्पा देवी को भी भारी बहुमत से जिताएं। भारतीय जनता पार्टी ने झारखण्ड के विकास के लिए दिन-रात एक किया है, आज झारखण्ड की पहचान तेजी से विकास करते राज्य के तौर पर होती है। गांव-गांव सड़क है, घर-घर बिजली है। विकास का ये सिलसिला थमने नहीं देना है। जेएमएम और कांग्रेस वाले कुर्सी का खेल खेलते थे, सत्ता के नशे में चूर ये लोग झारखण्ड की अस्मिता को बेचने का काम कर रहे थे। लेकिन अब जेएमएम और कांग्रेस की मौकापरस्त राजनीति को जनता समझ चुकी है। उनका असली चेहरा पहचान चुकी है। छतरपुर की जनता को स्वच्छ पेयजल और सिंचाई का पर्याप्त पानी मिले, इसलिए क्षेत्र में सालों से बंद पड़े मंडल डैम और उत्तर कोयल जलाशय परियोजना को दोबारा शुरू किया गया। आने वाले दिनों में छतरपुर, गढ़वा, चतरा और पलामू को इससे बड़ा फायदा मिलने जा रहा है।
2014 से पहले घोटालों और राजनीतिक अस्थिरता ने झारखंड को बदहाल कर दिया था
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले घोटालों और राजनीतिक अस्थिरता ने झारखण्ड को बदहाल कर दिया था। 2014 में राज्य की सवा तीन करोड़ जनता ने विकास करने वाली भारतीय जनता पार्टी को चुना, राज्य को स्थिर सरकार मिली और झारखण्ड ने हर क्षेत्र में तेजी से विकास किया। ये कांग्रेस और जेएमएम वाले झारखण्ड को अपनी जागीर समझते हैं। ये अब भी नहीं समझ पा रहे कि एक गरीब मां के बेटे को प्रधान सेवक और एक मजदूर को मुख्य सेवक बनाकर जनता वंशवाद को नकार चुकी है। सत्ता के नशे में चूर इन वंशवादी पार्टियों पर आपको इस बार आखिरी प्रहार करना है। सालों से पलामू को मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की जरूरत थी। न जेएमएएम ने पलामू की फिक्र की और न ही कांग्रेस ने कभी यहां के निवासियों के स्वास्थ्य की चिंता की। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पलामू को सिर्फ दो साल में ही मेडिकल कॉलेज मिल गया।

कांग्रेस, जेएमएम और आरजेडी को आपकी नहीं अपने परिवारों की चिंता
रघुवर दास ने कहा कि हम झारखण्ड के हर गांव में शहरों जैसी सुविधाएं देने पर काम कर रहे हैं। गांव-गांव स्ट्रीट लाइटें लग रही हैं, पेवर ब्लॉक से सड़कें बन रही हैं। गांव-गरीब के जीवन में बदलाव और समृद्धि आती देख, जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी वाले बौखलाए हुए हैं। जानते हैं ये कांग्रेस, जेएमएम और आरजेडी वाले क्यों बौखलाए हुए हैं? क्योंकि… इन्हें आपकी नहीं सिर्फ ‘उन परिवारों की चिंता है। आपने केंद्र में मोदी सरकार बनाई और जम्मू-कश्मीर को धारा 370 से आजादी मिली। राम मंदिर पर ऐतिहासिक फैसला आ गया… देश को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना मिली।

Share this News...