आज से और बढ़ेगी ठंड सर्द हवाओं का सितम कोहरे से कई फलाइट रद्द

_रांची समेत पूरे राज्य के कई जिलों में गुरुवार को बारिश हुई, कोहरा छाया रहा। जामताड़ा में बारिश के बीच हुए वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, रांची एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी कम होने के कारण तीन विमानों को डायवर्ट किया गया, दो को रद कर दिया गया। पिछले 24 घंटे में रांची में 15.6 मिमी. बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश सिमडेगा में 32.8 मिमी. दर्ज की गई। सामान्य तापमान की अपेक्षा अधिकतम तापमान में 2.0 डिसे. की गिरावट व न्यूनतम तापमान में 3.0 डिसे. की वृद्धि दर्ज की गई_

*_अभी चार दिनों तक छाया रहेगा कोहरा_*

_मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि समुद्रतल से ऊपर 1.5 किमी. क्षेत्र में दक्षिणी उत्तर प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर है। विदर्भ से पूर्वी मध्य प्रदेश तक समुद्रतल से ऊपर 0.9 किमी. क्षेत्र में इस सिस्टम से जुड़ा एक टर्फलाइन बना हुआ है। मौसम पूर्वानुमान के तहत उन्होंने बताया कि आगामी चार दिनों तक रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह में कुहासा या कोहरे की धुंध होगी। उसके बाद आसमान साफ रहेगा। शुक्रवार से रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है_

*_जामताड़ा में मरने वाले तीनों एक ही आदिवासी परिवार के_*

_फतेहपुर प्रखंड की बनुडीह पंचायत के झिलुआ गांव में गुरुवार सुबह हुई बारिश के दौरान हुआ वज्रपात आदिवासी ठुनका टुडू के परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा। इस घटना में 40 वर्षीय ठुनका टुडू, उसकी बेटी लखी टुडू और उसकी भतीजी अंजलि टुडू की मौत हो गई। इसमें परिवार के छह अन्य सदस्य झुलस गए हैं। इलाजरत लोगों में गंभीर सर्जन टुडू को जामताड़ा रेफर किया गया है_

*_विमानों का परिचालन हुआ अस्त-व्यस्त_*

_मौसम खराब होने के कारण गुरुवार को दिल्ली, मुंबई व कोलकाता से रांची आने वाले तीन विमानों को कोलकाता डायवर्ट किया गया। दिल्ली से रांची आने वाला गो एयरवेज का विमान निर्धारित समय पर रांची पहुंच चुका था। लेकिन विजिबिलिटी कम होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अधिकारी ने पायलट से संपर्क कर विमान को कोलकाता डायवर्ट किया। इसी प्रकार, मुंबई से रांची आ रहे इंडिगो व कोलकाता से रांची आ रहे एयर इंडिया के विमान को भी मौसम खराब होने के कारण कोलकाता डायवर्ट किया गया_

_गो एयरवेज का विमान लगभग 11 बजे रांची पहुंचा और आधे घंटे बाद दिल्ली के लिए उड़ान भरी। हालांकि मुंबई से रांची आ रहे इंडिगो के विमान की रात 11:45 बजे तक पहुंचने की संभावना है। विमान के रांची पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 07:55 बजे था। इधर, गो एयरवेज के रांची-दिल्ली-रांची विमान (जी8 237/238) को रद कर दिया गया_

*_मौसम खराब होने के कारण संबंधित विमानों से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इंडिगो के विमान से यात्रा करने वाले कुछ यात्रियों ने अपना टिकट कैंसिल कराया और कुछ ने शुक्रवार के विमान में रीशिड्यूल कराया। मौसम विभाग के अनुसार, विमान के उड़ान व लैंडिंग के लिए कम से कम 1200 मीटर की विजिबिलिटी चाहिए। हालांकि गुरुवार की सुबह विजिबिलिटी लगभग 500 मीटर दर्ज किया गया था।_*

Share this News...