आखिरी चरण का मतदान आज हेमंत, लुईस और रणधीर समेत 236 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला मतदानकर्मियों को बूथों व कलस्टर पर भेजा गया

रांची. झारखंड विधानसभा 2019 के पांचवें और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार का शोर बुधवार को थम गया। 6 जिलों में 16 विधानसभा सीटें हैं, जिन पर 20 दिसंबर को मतदान होना है। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाज कल्याण मंत्री लुईस मरांडी और कृषि मंत्री रणधीर सिंह समेत 236 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। गुरुवार को मतदानकर्मियों को कलस्टर व बूथों पर रवाना किया गया।
यहां होनी है वोटिंग
राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़,महेशपुर, शिकारीपाड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, नाला, जामताड़ा, सारठ, पोडैयाहाट,गोड्डा और महगामा विधानसभा सीट के लिए मतदान होना है।

इन सीटों में अनुसूचित जनजाति के लिए 7 सीट आरक्षित है, जबकि 9 सामान्य श्रेणी की सीटें हैं। इसमें राजमहल, पाकुड़, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, वहीं बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा में सुबह 7 से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि मतदान शुरू होने के डेढ़ घंटा पहले मतदान कर्मियों और मतदान अभिकर्ता को मतदान केंद्र पर उपस्थित होना है। इसके बाद मॉक पोल की कार्रवाई की जाएगी। मॉक पोल के बाद मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। जिन विधानसभा सीटों के लिए मतदान की समाप्ति का समय अपराह्न 3 और 5 बजे तक है, वहां उस समय तक मौजूद सभी मतदाता मतदान कर सकेंगे।
वोटिंग का समय
राजमहल, पाकुड़, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा मतदान
बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा में सुबह 7 से अपराह्न 3 बजे तक डाले जाएंगे वोट।

3 सीटों में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक
पांचवे व अंतिम चरण में तीन ऐसे विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या है। लिट्टीपाड़ा में महिला मतदाताओं की कुल संख्या 1,01,482 है, जबकि पुरुष मतदाता 98,306 है। इसी तरह महेशपुर में महिला मतदाताओं की कुल संख्या 1,08,486 व 1,07,979 पुरुष मतदाता और शिकारीपाड़ा में 1,0522 महिला और 1,03,521 पुरुष मतदाता हैं।

Share this News...