मिडिल ईस्ट में चल रही जंग बेहद खतरनाक मोड़ ले चुकी है. एक तरफ से अमेरिका-इजरायल अपनी मिसाइलों और ड्रोन से हमले कर रहे हैं, वहीं ईरान भी इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है. इस युद्ध के बीच इंटरनेट की दुनिया में ईरान ने अमेरिका के खिलाफ एक अलग ही मोर्चा खोल दिया है. जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलने और ईरान के तेल ठिकानों पर कब्जे की बात कर रहे हैं, तो वहीं ईरान के आधिकारिक एक्स हैंडल्स से ऐसे पोस्ट किए जा रहे हैं जो सीधे पेंटागन की नाक के नीचे ‘मिर्च’ लगाने का काम कर रहे. युद्ध की गंभीरता के बीच ईरान अमेरिका की खिंचाई करके अलग नैरेटिव गढ़ रहा है.
‘होर्मुज से अमेरिका की केवल एक चीज गुजरेगी’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि ईरान को होर्मुज पूरी तरह खोलना पड़ेगा और अमेरिका इस पर अपना कंट्रोल ले सकता है. ताकि वैश्विक तेल आपूर्ति सुरक्षित रहे. इसके जवाब में ईरान ने एक AI जनरेटेड तस्वीर साझा की है जो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही है. इस तस्वीर में होर्मुज के रास्ते अमेरिकी झंडे में लिपटे ताबूत तैरते दिखाए गए हैं.
F-35 फाइटर जेट का ‘मजाक’
अमेरिका के सबसे ताकतवर फाइटर जेट में से एक F-35 है. ईरान ने इसे भी नहीं बख्शा. ईरान के सोशल मीडिया हैंडल ने एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें F-35 को ‘ऑफ’ (OFF) मोड में दिखाया गया. ईरान ने इसे (OF)F-35 लिखकर यह संदेश दिया कि उनकी मिसाइल टेक्नोलॉजी और डिफेंस सिस्टम के सामने अमेरिका का यह सबसे महंगा लड़ाकू विमान भी एक खिलौने की तरह बंद हो जाएगा.
‘नेशनल ब्राई डे’ और इजरायल-अमेरिका का ‘बारबेक्यू’
इसके अलावा ईरान ने साउथ अफ्रीका के प्रसिद्ध ‘नेशनल ब्राई डे’ के जरिए अमेरिका और इजरायल पर तंज कसा. ब्राई डे में लोग ग्रिल या बारबेक्यू करते हैं. इस पर ईरानी एम्बेसी ने लिखा, ‘क्यों न इस जश्न को थोड़ा जल्दी मनाया जाए?’. पोस्ट के साथ जो तस्वीर शेयर की उसमें सारी कहानी छिपी हुई थी. ईरान ने एक AI तस्वीर पोस्ट की जिसमें अमेरिकी फाइटर जेट F-35 को ग्रिल किया जा रहा है.
नैरेटिव की जंग में ईरान आगे!
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग शुरू हुए एक महीने से भी ज्यादा वक्त बीत चुका है. ईरान के ये ट्वीट बताते हैं कि वह अब पारंपरिक युद्ध के साथ-साथ AI और इंफो-वॉर में भी माहिर हो चुका है.
