मुर्गा महादेव रोड रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी बेपटरी, 4 घंटे तक रेल यातायात ठप — इंटरसिटी व वंदे भारत प्रभावित

 

बंदे भारत एक्सप्रेस के लगभग 400 यात्रियों को रेलवे विभाग के आला आफिसरो ने चार यात्री वसों में वापस टाटा नगर भेजवाया

नोवामुंडी
मुर्गा महादेव रोड स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर चाईबासा–पुरी अप लाइन (डांगोवापोसी मार्ग) में सोमवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। कोयला लदी एक मालगाड़ी के तीन वैगन अचानक बेपटरी हो गए, जिससे दोपहर 12:20 बजे से लेकर शाम 4:30 बजे तक अप एवं डाउन दोनों रेल लाइनों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खंभा संख्या 391/24 बी एवं 25 बी के पास हुई इस घटना में मालगाड़ी के तीनों वैगन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि रेल पटरी भी कई जगहों पर पूरी तरह टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे यातायात बहाल करने में काफी कठिनाई आई।
इस दुर्घटना का असर यात्री ट्रेनों पर भी व्यापक रूप से पड़ा। बड़बिल से पुरी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को देवझर स्टेशन पर घंटों खड़ा रहने के बाद वापस बड़बिल लौटा दिया गया। वहीं, पुरी से बड़बिल आ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस को जुरूली से ही वापस भेज दिया गया। वंदे भारत एक्सप्रेस को भी Baspani से ही लौटाना पड़ा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की परेशानी को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की। कई यात्रियों को टिकट वापस कर दिए गए, जबकि वंदे भारत के लगभग 400 यात्रियों को चार बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीआरएम, डिवीजनल सेफ्टी ऑफिसर, डिवीजनल मैकेनिकल इंजीनियर सहित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के निरीक्षक विजेंद्र कुमार, सब-इंस्पेक्टर दिवाकर सिंह और बी.के. राय दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
� डांगोवापोसी से दुर्घटना सहायता यान को मौके पर भेजा गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद बेपटरी वैगनों को हटाने और ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक रेल यातायात को सामान्य करने का प्रयास जारी था।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक तकनीकी खराबी या ट्रैक में समस्या के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है।

Share this News...