द होटल रॉयल हिल्स : दो राजीव में एक फंसा दूसरा अदृश्य, शराब और शबाब के धंधे का अवैध गुल खिलाने में मशगूल थे दोनो

  • जमशेदपुर 9 अप्रैल संवाददाता
    एनएच 33 मानगो स्थित द रायल हिल्स होटल में अनुचित ढंग से लड़कियों का डांस कराने के साथ साथ बिना लाइसेंस के रेस्तरां एवं बार में दारू भी परोसी जाती थी। यह कमाल मुख्य रुप से दो राजीव कर रहे थे, जैसा कि सदर अंचल 3 पूर्वी सिंहभूम के प्रभारी अवर निरीक्षक उत्पाद रामदेव पासवान ने मानगो थाना में दर्ज कराई गई अपनी प्राथमिकी में बताया है। राजीव कमल फूल को कहते हैं, लेकिन ये दोनो राजीव अपने नाम के विपरीत कमल खिलाने के बजाय गैरकानूनी धंधे और सेक्स सेल का गुल खिलाते थे। होटल के संचालक एवं बार की पूर्व अनुज्ञतिधारी राजीव कुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह एफआईआर में सीधे सीधे नामजद हैं, जबकि दूसरे राजीव राजीव रंजन उनके इस व्यापार में सहयोगी की भूमिका में थे और इस व्यापार की पूरी जानकारी रखते थे। कहा जाता है कि इस धंधे में उन्होंने ही निवेश किया जिसके लिये उनके परिवार में विद्रोह भी हुआ। पुलिस अनुसंधान में यह राजीव रंजन किस दायरे में आते हैं, यह जांच का नतीजा बताएगा लेकिन फिलहाल वे अदृश्य हो गये हैं। उत्पाद अवर निरीक्षक ने फ्लोर मैनेजर राजेश, राज सिहं एवं राजीव रंजन को इस अवैध व्यापार में सहयोगी बताया है। उनके एक और सहयोगी बबलू महतो का जिक्र किया गया है। अवर निरीक्षक ने लिखा है कि उक्त परिसर में संचालित होटल, रेस्तरां एवं बार के लिये निर्गत उत्पाद प्रपत्र 8, 9 एवं 10 की अनुज्ञप्ति 31 मार्च 2024 को समाप्त हो चुकी थी। उक्त अनुज्ञप्ति पर बकाया सरकारी राजस्व नही ंचुकाने के कारण अनुज्ञप्ति का नवीकरण नहीं हुआ। इस प्रकार वहां मदिरा का व्यापार पूर्णतः अवैध एवं दंडनीय है। ऊपर से ग्राहकों को लुभाये जाने हेतु अनुचित ढंग से डांस का आयोजन करना सरकारी नियमों को ठेंंगा दिखाने की पराकाष्ठा थी।
    लॅॉक डाउन में होटल अल्कोर बेमरौव्वत मारा गया। लेकिन यहां रायल हिल्स की तरह शहर में ऐसे अनेक होटल के रुप में ठिकाने खुल गये हैं जहां इस तरह का सेक्स सेल धड़ल्ले से चल रहा है। पुलिस की मनाही के बावजूद लोकल आईडी पर भी घंटे दो घंटे के लिये कमरे उपलब्ध कराये जाते हैं। बार डांस की यह नई संस्कृति भी शुरु हो गई है। कुछ समय पहले हाईवे के एक दूसरे बड़े होटल में भी इस तरह बार डांस की तस्वीर सामने आई थी। एक तरफ देश में धर्म संस्कृति और
    आध्यात्म के सहारे देश बदलने की कोशिश हो रही है लेकिन दूसरी ओर शराब और शबाब की अप संस्कृति भी उतनी ही तेजी से फैल रही है। ऐसे धंधों के बल पर ऐसे लोग पैसा बनाकर जयश्री राम का नारा भी बड़ा जोर शोर से लगाते हैं।
    अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उक्त होटल में छापामारी कर शराब और शबाब के उक्त धंधे का खुलासा किया गया। राजीव रंजन सिंह इन दिनों पैसे की गर्मी में उचित- अनुचित का ध्यान छोडक़र जोर शोर से इस धंधे में लगा हुआ था।

    Share this News...