टाटा मोटर्स : जमशेदपुर प्लांट से पहली बार इलेक्ट्रिक हाइवा लॉन्च

जमशेदपुरः देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड ने ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मदर प्लांट जमशेदपुर से पहली इलेक्ट्रिक हाइवा (हेवी कमर्शियल वाहन) को लॉन्च किया.
जमशेदपुर प्लांट से हाल ही में आधिकारिक रूप से बाहर भेजा गया यह वाहन टाटा प्राइमा ईवी ई.28 है. यह देश का पहला स्वदेशी तौर पर विकसित (हाइवा) है, जिसे विशेष रूप से खनन और भारी निर्माण कार्यों के लिए डिजाइन किया गया है.

हेवी कमर्शियल इलेक्ट्रिक सेगमेंट में नई शुरुआत

यह पहली बार है जब जमशेदपुर स्थित प्लांट से किसी इलेक्ट्रिक हाइवा को आधिकारिक रूप से बाहर भेजा गया है. इससे यह संकेत मिलता है कि कंपनी अब हेवी कमर्शियल वाहनों के इलेक्ट्रिक सेगमेंट में तेजी से अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही है.

जमशेदपुर प्लांट से रोल-आउट किया गया टाटा प्राइमा ईवी ई.28 अपनी श्रेणी में एक क्रांतिकारी वाहन है, जिसमें 453 kWh की विशाल लिथियम आयन (LFP) बैटरी क्षमता दी गई है. यह बैटरी वाहन को एक बार फुल चार्ज करने पर 150 से 220 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान करती है, जो खदानों और बंदरगाहों जैसे निर्धारित रूट वाले कार्यों के लिए पर्याप्त है.

सबसे खास बात इसकी चार्जिंग तकनीक है; यह DC Fast Charging को सपोर्ट करता है, जिससे इतनी बड़ी बैटरी को मात्र 1.5 से 2 घंटे में चार्ज किया जा सकता है. यह कम समय का ‘चार्जिंग ब्रेक’ इसे मल्टी-शिफ्ट ऑपरेशंस के लिए उपयुक्त बनाता है, जहाँ वाहन को दिन-रात काम में लगाया जा सकता है.
टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है क्योंकि अब यह प्लांट केवल पारंपरिक डीजल ट्रक ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक हेवी कमर्शियल व्हीकल (e-HCV) बनाने का केंद्र बन गया है.

ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में अहम कदम

टाटा मोटर्स की यह पहल आने वाले समय में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है.

Share this News...