युवाओं और महिला शक्ति को संगठन चुनाव में दी जाएगी जिम्मेदारी, कोयला डंपिंग यार्ड के मुद्दे को रेल मंत्री तक पहुंचाएगी भाजपा – शैलेन्द्र सिंह

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दुमका जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह

दुमका , भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव को लेकर चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह इन दिनों दुमका में कार्यकर्ताओं से मंत्रणा कर रहे हैं। सोमवार को परिसदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा युवाओं और महिला शक्ति पर मंडल अध्यक्ष चुनाव में जिम्मेदारी देगी। साथ ही उन्होंने दुमका रेलवे स्टेशन पर बने कोयला डंपिग यार्ड से हो रही परेशानी को विशेष तरजीह देते हुए कहा कि इस मुद्दे को अब दिल्ली तक रखने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सर्वोपरि रखा जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि 30 मार्च को केन्द्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ के समक्ष भी इस गंभीर विषय को रखा जाएगा। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा अपने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी के निर्देशानुसार मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम तय किए जाएंगे, जिसमें एक महिला का नाम अनिवार्य रूप से होगा।
युवा नेतृत्व को मिलेगी प्राथमिकता, मजबूत नेतृत्व की होगी नियुक्ति
शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा की रीढ़ उसके कर्मठ कार्यकर्ता हैं। इसलिए पार्टी ने तय किया है कि 35 से 45 वर्ष आयु वर्ग के ऊर्जावान युवाओं को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रखंड स्तर पर ऐसे सशक्त अध्यक्षों की जरूरत है, जो आम जनता की समस्याओं को उठाएं और उनके समाधान के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करें।
30 मार्च को दुमका आएंगे केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ
भाजपा के सांगठनिक चुनाव को लेकर 30 मार्च को केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ दुमका आएंगे। वे चुनाव दृष्टिकोण से पर्यवेक्षक के रूप में जिले का दौरा करेंगे और संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे। उनके मार्गदर्शन में भाजपा की सांगठनिक मजबूती को और अधिक धार दी जाएगी।
हेमंत सरकार पर बड़ा हमला – जनविरोधी नीतियों की पोल खोली
भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार की जनविरोधी नीतियों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता हेमंत सरकार की विफलताओं का खामियाजा भुगत रही है। वृद्धा पेंशन और दिव्यांग पेंशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया, जिससे हजारों जरूरतमंद लोग परेशान हैं। सरकार सिर्फ “मैय्या सम्मान योजना” जैसी दिखावटी योजनाओं का प्रचार कर जनता को गुमराह कर रही है। संगठन पर्व के तहत भाजपा का संकल्प है कि हर बूथ पर संगठन को मजबूत किया जाए और जनता के हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए।
भाजपा का लक्ष्य – हर बूथ पर मजबूत संगठन, हर कार्यकर्ता बनेगा योद्धा
भारतीय जनता पार्टी मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ना बढ़ रही है। इस प्रेस वार्ता के माध्यम से भाजपा दुमका ने यह संदेश दिया कि पार्टी पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी और हेमंत सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी। पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष गौरव कांत, सह चुनाव अधिकारी बबलू मंडल, सह मीडिया प्रभारी नवल किस्कू आदि उपस्थित थे।

Share this News...