राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के दूसरे दिन आज शुक्रवार को विख्यात संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनके साथ आध्यात्मिक चर्चा भी की. अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति आज ही वृंदावन में बाबा नीम करोली की समाधि पर भी जाएंगी और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी. साथ ही वह वृंदावन में उड़िया बाबा आश्रम और देवनाल कुंड भी जाएंगी.
राष्ट्रपति मुर्मू कल गुरुवार (19 मार्च) से उत्तर प्रदेश के 3 दिन दौरे पर हैं. वह गुरुवार को अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद मथुरा पहुंचीं, जहां उन्होंने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल भी हुईं. राष्ट्रपति ने आज सुबह कई आध्यात्मिक कार्यक्रमों से दिन की शुरुआत की.
राष्ट्रपति मुर्मू मथुरा में वृंदावन धाम के राधा केली कुंज स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं. अधिकारियों ने बताया कि मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने संत के प्रवचन भी सुने. यह हफ्ता इसलिए भी खास है क्योंकि कल गुरुवार को संत प्रेमानंद महाराज का जन्मदिन भी था.
कल गोवर्धन की परिक्रमा करेंगी राष्ट्रपति
श्री हित राधा केली कुंज में राष्ट्रपति ने प्रेमानंज महाराज से आध्यात्मिक मामलों पर चर्चा की और उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम भी किया. संत प्रेमानंद ने हर्षित मुद्रा में राधे-राधे कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया. मुलाकात के दौरान मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई भी दी.
