नई दिल्ली
कई छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी चैतन्यानंद सरस्वती को पुलिस ने दिल्ली के एक कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने स्वयंभू धर्मगुरु को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले पुलिस ने उसे रविवार सुबह आगरा से गिरफ्तार कर लिया। वह एक होटल में ठहरा हुआ था।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि चैतन्यानंद सरस्वती को रविवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने एक निजी संस्थान में 17 छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी स्वयंभू धर्मगुरु की 5 दिन की हिरासत मांगी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।
62 साल के चैतन्यानंद को रविवार सुबह आगरा से गिरफ्तार किया गया। उसे दोपहर 3:40 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट रवि के समक्ष पेश किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की एक टीम ने सरस्वती को आगरा में ढूंढ निकाला। वहां वह एक होटल में ठहरा हुआ था। इससे पहले पुलिस ने चैतन्यानंद सरस्वती से जुड़े 8 करोड़ रुपए जब्त कर लिए थे। ये पैसे कई बैंक खातों और फिक्स्ड डिपोजिट में जमा थे।
एफआईआर के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली स्थित एक प्रबंधन संस्थान के पूर्व अध्यक्ष चैतन्यानंद सरस्वती कथित तौर पर छात्राओं को देर रात अपने क्वार्टर में आने के लिए मजबूर करता था। वह छात्राओं को फोन पर गलत मैसेज भी भेजता था। कथित तौर पर वह अपने फोन के ज़रिए छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखता था।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी चैतन्यानंद ने कथित तौर पर अलग-अलग नामों और विवरणों का इस्तेमाल करके कई बैंक खाते संचालित किए। अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उसने 50 लाख रुपए से अधिक की रकम निकाल ली थी।
उसने कथित तौर पर खाता खोलते समय अलग-अलग विवरण वाले दस्तावेज जमा किए। पुलिस को उसके पास से फर्जी विजिटिंग कार्ड भी मिले, जिनमें उसका संयुक्त राष्ट्र और ब्रिक्स से जुड़ाव दर्शाया गया था।