टेल्को की अंकिता कुमारी ने JPSC में पाई 30वीं रैंक

, शहर में खुशी की लहर

जमशेदपुर के टेल्को की रहने वाली अंकिता कुमारी ने JPSC 2023 परीक्षा में 30वां रैंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे शहर का मान बढ़ाया है। एक पत्नी, मां और बहू की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने अथक परिश्रम कर यह मुकाम हासिल किया है। अंकिता की सफलता हर उस महिला के लिए प्रेरणा है जो विवाह और मातृत्व के बाद अपने सपनों को छोड़ देती हैं।

विद्या भारती चिन्मय विद्यालय की पूर्व छात्रा अंकिता, बिनोद कुमार तिवारी और सीमा देवी की सुपुत्री हैं। भाजपा नेता अंकित आनंद की बड़ी बहन हैं। 2021 में उनकी शादी टाटा मोटर्स के सीनियर मैनेजर कन्हैया कुमार से हुई। उनकी 3 वर्षीय बेटी संस्कृति श्रृंगारिका है। अंकिता का ससुराल बिहार के बेगूसराय ज़िले के सिमरिया ग्राम में है, जहां से भी उन्हें पढ़ाई के लिए भरपूर सहयोग मिला।

उन्होंने कहा कि जब रात में सब सो जाते थे, तब वह पढ़ाई करती थीं। “रोज़ 2-3 घंटे भी पढ़ती, तो खुद को मोटिवेट करती – एक दिन ये मेहनत जरूर रंग लाएगी।” उन्होंने अपने परिवार – माता-पिता, भाई अंकित आनंद, पति कन्हैया कुमार, बेटी संस्कृति और संयुक्त परिवार को इस सफलता का श्रेय दिया।

उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने उनके आवास पहुंचकर शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। साथ में भाजपा नेता विकास शर्मा, विक्रम पंडित, आजसू नेता रामचंद्र सहिस
कन्हैया सिंह, अप्पू तिवारी, झामुमो नेता कुणाल सारंगी, बिनीत जायसवाल, कुमारेश उपाध्याय, समेत कांग्रेस नेता रजनीश सिंह ने भी शुभकामनाएं दीं।

Share this News...