पंचायत वेब सिरीज के विनोद आज आ रहे हैं शहर, बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल

*

जमशेदपुर :

शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में पिछले एक शताब्दी से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे बिहार एसोसिएशन, जमशेदपुर ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में एसोसिएशन की ओर से 22 नवंबर से तीन दिसंबर तक शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है. समारोह की थीम अ सेंचुरी ऑफ सर्विस एंड एजुकेशन- बिल्डिंग अ लेगेसी, शेपिंग द फ्यूचर रखी गयी है. 10 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में शहर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोग हिस्सा ले रहे हैं. इसी कड़ी में बुधवार को लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के बिनोद यानी अशोक पाठक आ रहे हैं. राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में वे शहर के लोगों को अपनी एक्टिंग की बारीकी से अवगत करायेंगे, साथ ही उन्हें अपने अनोखे अंदाज में गुदगुदाने को मजबूर करेंगे. शाम पांच बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा उपस्थित होंगे. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नि:शुल्क पास वितरित की गयी है. दिन में शिक्षा, युवा नेतृत्व, औद्योगिक विकास, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मीडिया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर बौद्धिक सत्र होंगे, जबकि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी. वहीं, 26 नवंबर की शाम प्रसिद्ध कवि, लेखक एवं चिंतक नीलोत्पल मृणाल अपनी कविता के माध्यम से युवाओं को झकझोरने आ रहे हैं. कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गयी है. बिहार एसोसिएशन ने इस 10 दिनों के आयोजन को यादगार बनाने के लिए खास तौर पर तैयारियां की है.

Share this News...