कोटा:
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले की कोशिश में शामिल तीन शूटरों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से सफर करते वक्त पकड़ा गया है. मुंबई पुलिस और राजस्थान की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के जॉइंट ऑपरेशन के तहत आरोपियों को पकड़ा गया है. तीनों आरोपियों में से दो आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं और एक आरोपी महाराष्ट्र निवासी है. बताया जा रहा है कि ये तीनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं. तीनों शूटर मुंबई से दिल्ली की तरफ आ रहे थे. ANI के मुताबिक, जांच एजेंसियों को शक है कि यह हमला ट्रेंड शूटरों ने किया था, जिन्होंने हमले से पहले अभिनेता की गतिविधियों की रेकी की थी. सूत्रों ने बताया कि हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ के वीकली रूटीन पर नजर रखने के बाद इस हमले की योजना बनाई थी. उन्हें पता था कि अभिनेता हर रविवार को जुहू फुटबॉल ग्राउंड जाते हैं. आरोपियों ने टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखी और तब हमला करने का वक्त चुना, जब वे अपनी कार में बैठकर वहां से निकल रहे थे.
हमले के बाद उनकी पहली तस्वीर आई है जिसमे वे हाथों में पट्टी बांधे दिख रहें है.
राहत की बात यह है कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. इस घटना में ड्राइवर और उनके साथ रहे एक अन्य व्यक्ति जख्मी है. उनका इलाज चल रहा है. मुंबई पुलिस के डीसीपी ने इस घटना की पुष्टि की है. उनके अनुसार, जुहू पुलिस स्टेशन के अंतर्गत फायरिंग की घटना हुई. टाइगर श्रॉप की गाड़ी पर गोली चलायी गयी थी.
“शाम करीब 7:00 बजे एक्टर टाइगर श्रॉफ को टारगेट करके फायरिंग की घटना हुई. टाइगर श्रॉफ खुद सुरक्षित हैं. उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं और अभी उनका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. घटना की जांच के लिए 15 टीमें बनाई गई हैं. टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी. आगे की जांच चल रही है.” – मोहित गर्ग, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, मुंबई पुलिस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्टर टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनसे बात की. उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा, “हम सब आपके साथ हैं. हम जल्द से जल्द आरोपी का पता लगाकर उसे पकड़ लेंगे.” CM फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को फोन करके एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बारे में जानकारी ली. उन्होंने पुलिस कमिश्नर को तेजी से जांच करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई इस फायरिंग के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक पारा गरमा गया है. कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने राज्य की महायुति सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गुस्से में सवाल उठाया है, “आखिर मुंबई में चल क्या रहा है?”
