टाटा स्टील की कैंटीन में मिलेगा हेल्दी फूड, नए मेनू में ब्लैक कॉफी, ग्रीन टी , पोहा से लेकर मूंग दाल, चीला तक शामिल

नए वर्क ऑर्डर में उम्र के हिसाब से खानपान की मांग को मिली मंजूरी, नाश्ते के समय में भी बदलाव

जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों को अब कैंटीन में पहले से अधिक पौष्टिक व विविधतापूर्ण भोजन उपलब्ध होगा। टाटा स्टील सेंट्रल कैंटीन मैनेजिंग कमिटी की बैठक मंगलवार को वर्क्स जनरल ऑफिस में चीफ एचआरएम यशवंत पांडे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही हेल्दी फूड की मांग को स्वीकार करते हुए नए मेनू में कई खाद्य पदार्थ शामिल करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, अलग-अलग आयु वर्ग के कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मेनू में बदलाव को नए कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है।
नाश्ते में मिलेंगे कई नए विकल्प
नए वर्क ऑर्डर के तहत कैंटीन के मेनू का विस्तार किया गया है। इसमें ब्लैक कॉफी, ग्रीन टी, मिल्क कॉफी, झालमुड़ी, दाल पूरी, उबला चना, दलिया उपमा, ओट्स उपमा, मेदू वड़ा, सेवई उपमा, उबला शकरकंद, मूंग दाल चीला, पकोड़ा, ढोकला, पोहा और लिट्टी जैसे खाद्य पदार्थ शामिल किए गए हैं। इससे कर्मचारियों को नाश्ते में अधिक विकल्प मिल सकेंगे।
लंच के लिए हाफ प्लेट, फुल प्लेट और एक्स्ट्रा प्लेट के तीन विकल्प उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, पूरे वर्ष उबला अंडा भी उपलब्ध रहेगा।
ट्रॉली की आवाजाही के अनुसार जोन का विभाजन
कैंटीन में भोजन की आपूर्ति और ट्रॉली की आवाजाही को सुचारु बनाने के लिए जोन का विभाजन रेल और रोड मूवमेंट के अनुसार किया गया है। इसका उद्देश्य ट्रॉली पहुंचने में होने वाली देरी को कम करना और कर्मचारियों तक समय पर नाश्ता पहुंचाना है।
नाश्ते का समय निर्धारित
नए वर्क ऑर्डर में नाश्ते के समय को भी व्यवस्थित किया गया है। इसके अनुसार, सभी कैंटीन में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक नाश्ता उपलब्ध होगा। वहीं, सभी ट्रॉली पॉइंट पर सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक नाश्ता वितरण किया जाएगा।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में कैंटीन कमिटी के चेयरमैन यशवंत पांडे, वाइस चेयरमैन व टाटा वर्कर सीमेंट के असिस्टेंट सेक्रेटरी नितेश राज, कमिटी सदस्य पी.के. चौधरी और उमाशंकर पटनायक, हेड कैंटीन रिचा केडिया, सीनियर मैनेजर शौकत खान तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के कमिटी मेंबर उदय कुमार, अरविंद यादव, विमल, शैलेंद्र राय, विजय कुमार सिंह, अमोलक सिंह, राजकुमार, सुमन कुमार, मनोज कुमार, विवेक कुमार व राकेश कुमार सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।

Share this News...