मुझसे गलती हो गई… साहिल ने सुसाइड से पहले की थी महिला दोस्त से बात, IIT बॉम्बे केस में बड़ा खुलासा

मुंबई:

आईआईटी बॉम्बे सुसाइड केस में अब एक नया खुलासा हुआ है. सूत्रों ने बताया कि सुसाइड करने से पहले साहिल वाकोडे ने अपनी एक महिला दोस्त से फोन पर बात की थी और कहा था कि ‘मुझसे गलती हो गई.’ साहिल ने 18 सितंबर को अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली थी.

सूत्रों ने बताया कि मौत से पहले दोपहर 2:30 बजे साहिल ने अपनी महिला दोस्त से बात की थी. यह साहिल की किसी से आखिरी बात थी. आखिरी बातचीत में साहिल ने जातिगत भेदभाव का जिक्र नहीं किया था.
क्या कहा था साहिल ने?

साहिल ने अपनी महिला दोस्त से पेपर को लेकर बातचीत की थी. उसने कहा था, ‘मुझसे गलती हो गई. मेरा पेपर भी अच्छा नहीं गया.’

सुसाइड की खबर सुन सदमे में महिला

मौत से पहले साहिल ने अपनी जिस दोस्त से बात की थी, वह अभी भी गहरे सदमे में हैं. सूत्रों ने बताया कि साहिल की मौत की खबर सुन महिला को पैनिक अटैक आ गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. पुलिस ने उसका बयान भी दर्ज किया है.

क्या है पूरा मामला?

साहिल वाकोडे ने 18 सितंबर को फांसी लगा ली थी. 18 सितंबर की शाम को पवई कैंपस में स्थित हॉस्टल के कमरे में साहिल का शव फंदे से लटका मिला था.

सुसाइड करने से कुछ घंटे पहले ही उसे सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन के जरिए चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था.

साहिल के सुसाइड केस में आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूल्ला को छुट्टी पर भेज दिया गया है. उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि वह साहिल को जाति के आधार पर प्रताड़ित करते थे.

इस मामले में अब बुधवार को जांच के लिए 10 सदस्यों की एक हाईलेवल कमेटी गठित की है. मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांचपहले ही इस मामले की जांच कर रही है.

Share this News...