मानगो पुल पर  भीषण जाम, रेंग रहे वाहन, थमी शहर की रफ्तार

जमशेदपुर, 8 अगस्त। शनिवार को एक बार फिर मानगो पुल और आसपास के इलाकों में भीषण जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। पिछले करीब दो घंटे से अधिक समय से मानगो पुल पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थमी हुई है। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी है और जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जाम का असर  मरीन ड्राइव गोलचक्कर से लेकर मानगो पुल तक देखने को मिला। वहीं, पुराने एमजीएम अस्पताल के सामने से मानगो पुल तक भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। नो-एंट्री खुलने के बाद बड़े वाहनों की संख्या बढ़ गई, जिससे सड़क पर कई वाहन आधे-तिरछे खड़े हो गए और जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
जाम में छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में लोग फंसे रहे। कई वाहन चालक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेते नजर आए, लेकिन आसपास की सड़कों पर भी यातायात का दबाव बढ़ने से राहत नहीं मिल सकी।
जाम के कारण लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। वाहन चालकों का कहना था कि लंबे समय तक यातायात बाधित रहने के बावजूद जाम हटाने के लिए प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आई। मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बीच फिलहाल मानगो पुल पर स्थिति गंभीर बनी हुई है। लोगों का अनुमान है कि यातायात सामान्य होने में अभी और समय लग सकता है।

Share this News...