AK-47 और इंसास बरामद
सरायकेला: जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ (CRPF), 203 कोबरा बटालियन और एसएसबी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भाकपा माओवादी संगठन के कुख्यात जोनल कमांडर रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार समेत 3 उग्रवादियों को धर दबोचा.
गिरफ्तार उग्रवादियों में पश्चिम बंगाल-झारखंड-ओडिशा रीजनल कमेटी का सक्रिय सदस्य मदन महतो और रवि सिंह सरदार की पत्नी मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया भी शामिल है.
गुप्त सूचना पर घेराबंदी, दो चरणों में चला सफल अभियान
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चांडिल थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर (टीलाडीह) में माओवादी संगठन के सदस्य किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने के लिए जमा हुए हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों द्वारा गठित संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की.
अभियान के पहले चरण में टीम ने एकेएम-47 (AKM-47) राइफल के साथ रवि सिंह सरदार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. इसके बाद रवि सिंह से मिली गुप्त जानकारी व कड़ी पूछताछ के आधार पर कांदरबेड़ा क्षेत्र (चांडिल थाना) में दूसरा छापामारी अभियान चलाया गया, जहां से मदन महतो और मीना पहाड़िया को गिरफ्तार किया गया.
घातक हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा जब्त
सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर दलमा पहाड़ और आसपास के ठिकानों से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार व विस्फोटक सामग्री बरामद किए. जब्त सामान की सूची निम्नलिखित है:
01 लोडेड AKM-47 राइफल एवं 02 मैगजीन,
01 इंसास (INSAS) राइफल (चांडिल क्षेत्र में पुलिस बल से लूटी गई) एवं 01 मैगजीन,
01 पिस्टल (9mm),
कुल 500 से अधिक जिंदा गोलियां (AKM-47 की 7.62mm – 361 राउंड, 9mm – 42 राउंड, इंसास की – 208 राउंड),
02 बंडल कोडेक्स वायर (IED एवं बम धमाकों में प्रयुक्त होने वाला विस्फोटक तार),
अन्य सामग्री: 01 वॉकी-टॉकी, पुलिस बेल्ट, टॉर्च, छाता और 01 मोटरसाइकिल.
सारंडा व कुकड़ू हत्याकांड में थे शामिल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद 203 कोबरा के कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली पिछले कई वर्षों से कोल्हान, सारंडा और सिंहभूम क्षेत्र में सक्रिय थे. ये उग्रवादी सुरक्षा बलों पर हमला करने, कुकड़ू में पुलिस बल की हत्या कर हथियार लूटने, आईईडी (IED) ब्लास्ट करने और निर्दोष ग्रामीणों की हत्या जैसी कई संगीन वारदातों में शामिल रहे हैं.
कमांडेंट ने सरायकेला एसपी के नेतृत्व में चलाए गए इस संयुक्त अभियान की जमकर तारीफ की. पुलिस प्रशासन का कहना है कि उग्रवादियों से पूछताछ जारी है और क्षेत्र में बचे-खुचे असामाजिक तत्वों के खात्मे के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है
