19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में जब स्पेन और अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आमने-सामने होंगे, तब सिर्फ ट्रॉफी की जंग नहीं होगी. यह मुकाबला फुटबॉल की दो पीढ़ियों के बीच भी होगा. एक ओर महान लियोनेल मेसी होंगे, तो दूसरी तरफ नई पीढ़ी के सबसे बड़े सितारे लैमिन यमाल. फाइनल से पहले यमाल ने DAZN को दिए इंटरव्यू में मेसी को लेकर अपनी दिल की बात कही. उन्होंने कहा, “मैं थोड़ा बड़ा हो गया हूं और लियो भी. उम्मीद है कि मैं वर्ल्ड कप फाइनल में उनका सामना कर पाऊंगा, खासकर इसलिए क्योंकि फाइनलिसिमा नहीं हो पाया था.”
यमाल का यह बयान इसलिए भी खास है क्योंकि यह सिर्फ एक खिलाड़ी की इच्छा नहीं, बल्कि एक ऐसी कहानी का अगला अध्याय है जिसकी शुरुआत करीब दो दशक पहले हो चुकी थी. यमाल के बयान का मतलब सोशल मीडिया पर फैंस का ये मानना है की वो ये बताना चाहते हैं की अब वो बड़े हो गए हैं तो फुटबॉल के मैदान पर मेसी को टक्कर देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और उन्हें 19 साल पहले वाला छोटा बच्चा समझने की गलती नहीं की जानी चाहिए .
जब मेसी ने नहलाया था छह महीने के यमाल को…
साल 2007, बार्सिलोना के युवा स्टार लियोनेल मेसी उस समय सिर्फ 20 साल के थे और दुनिया उन्हें भविष्य का सुपरस्टार मानने लगी थी. उसी दौरान स्थानीय अखबार डियारियो स्पोर्ट और यूनिसेफ ने एक चैरिटी फोटोशूट आयोजित किया. रैफल में लैमिन यमाल का परिवार विजेता बना और उन्हें कैंप नोउ में फोटोशूट का मौका मिला.
