पटना: बिहार का खास व्यंजन, महापर्व छठ का प्रसाद अब सिर्फ बिहार यूपी और भारत का व्यंजन नहीं रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो विदेश में भी इसका डंका बजा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भारत के तोहफों की पोटली से ठेकुआ निकाला। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत की मेलोडी टॉफी भेंट की थी।
बिहार का ठेकुआ बना विदेशियों का गिफ्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया के दौरे पर कई उपहार साथ ले गए थे। उपहारों में ब्रास डोकरा एंटेलोप सेट, जीआई-टैग प्राप्त हिमरू सिल्क टाई एवं पॉकेट स्क्वायर, राजस्थान की पारंपरिक कोथेवा कला से बने कफलिंक्स, आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथ चरक संहिता और सुश्रुत संहिता थी। लेकिन इसी के साथ तोहफों में एक और चीज भी शामिल की गई। पीएम मोदी के इन तोहफों में बिहार-झारखंड की सांस्कृतिक पहचान ठेकुआ भी शामिल की गई।
पीएम मोदी ने किसे गिफ्ट किया ठेकुआ
पीएम नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति और संसद के स्पीकर को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, शिल्प और ज्ञान परंपरा से जुड़े विशेष उपहार भेंट किए। इसी दौरान उन्होंने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और वहां की संसद के स्पीकर रिचर्ड राशि को गिफ्ट में ठेकुआ दिया। दोनों भारत और उसमें भी बिहार झारखंड के इस खास व्यंजन का खाकर बेहद खुश नजर आए। आखिर स्वाद बिहारी तो कौन पसंद न करे।
ठेकुआ तो बिहार की शान है, महापर्व छठ की जान है
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्लोवाकिया के राष्ट्रपति और संसद स्पीकर रिचर्ड राशि को दिया गया उपहार ठेकुआ बिहार और झारखंड राज्यों का एक पारंपरिक मीठा नाश्ता है। इसे गेहूं के आटे, गुड़ या चीनी, सौंफ और घी से बनाया जाता है। इसे विशेष रूप से त्योहारों के दौरान, विशेषकर छठ पूजा के दौरान तैयार किया जाता है। अपनी सरल सामग्री, लंबे समय तक खराब न होने और घर जैसे स्वाद के लिए प्रसिद्ध ठेकुआ सांस्कृतिक परंपरा, उत्सवों के उत्साह और क्षेत्रीय पाक कला विरासत को दर्शाता है। इससे पहले पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत में बनने वाली मेलोडी टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया था।
