फायरिंग मामले में खान सर के खिलाफ एफआईआर
: पटना के मशहूर कोचिंग शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर किसी भी समय गिरफ्तार हो सकते हैं। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग मामले की एफआईआर में पटना पुलिस ने खान सर को नामजद कर दिया है। उन पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पटना पुलिस ने आज दोपहर बयान जारी कर कोचिंग सेंटर की प्रतिस्पर्धा की लड़ाई में छात्र-छात्राओं को किसी के बहकावे नहीं आने की अपील की है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस गिरफ्तारी के लिए शाम ढलने का इंतजार कर रही है, तब तक सभी कोचिंग सेंटर पर स्टूडेंट्स की छुट्टी हो जाती है।
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का रिजल्ट आने के बाद खान सर का अपने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी से विवाद हुआ था। मंगलवार देर रात को खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ और पथराव हुआ था। उस मामले में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 को गिरफ्तार किया गया। अगले दिन ज्ञान बिंदु ने उसी रात का एक वीडियो जारी किया, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो की सत्यता जांच कर दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। अब खान सर के भी इसी मामले में जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है।
खान सर का असली नाम क्या है ?
खान सर मूलरूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं। उनका असली नाम फैजल खान है। लंबे समय से वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को पढ़ाते हैं। उनके कोचिंग सेंटर का नाम खान ग्लोबल स्टडीज एकेडमी है।
पटना कोचिंग फायरिंग मामले में पुलिस का क्या बयान है?
पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग मामले में पुलिस के बयान पर भी सवाल उठ रहे हैं। पटना पुलिस ने 2 जून के बयान में गोलीबारी की बात से इनकार किया था। 4 जून को जब फायरिंग का वीडियो सामने आया, तो पुलिस ने उसमें दिख रहे खान सर के दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी एफआईआर में फायरिंग की पुष्टि पुलिस ने कर दी। खान सर और उनके दोनों गार्ड को आरोपी बनाया गया।
क्या खान सर भी अरेस्ट हो सकते हैं?
दोनों गार्ड के कबूलनामे के बाद कदमकुआं थाने में खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है। उन पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज हुआ है। उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। अगर खान सर कोर्ट का रुख करते हैं और उन्हें वहां से कोई राहत नहीं मिलती है, तो गिरफ्तारी तय है।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद क्यों गिरफ्तार हुए?
2 जून की रात खान एकेडमी के बाहर तोड़फोड़, पथराव एवं गार्ड से मारपीट की गई थी। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। खान एकेडमी के मैनेजर ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 3 जून को पुलिस ने रौशन सर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
2 जून की रात को खान जीएस एकेडमी के बाहर हुए बवाल के दौरान खान सर ने ही अपने दोनों गार्ड को गोली चलाने का आदेश दिया था। कदमकुआं थाने में दर्ज एफआईआर में यह बात सामने आई है। दोनों गार्ड ने पुलिस को यह बात बताई। एफआईआर में फैजल खान को भी नामजद किया गया है।
