रांचीः झारखंड कैडर के छह आईपीएस केंद्र में आईजी रैंक में इंपैनल किए गए हैं. गृह विभाग की ओर से इस मामले में अधिसूचना जारी कर दी गई है. जिसमें बताया गया है कि कैबिनेट नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet-ACC) ने केंद्रीय स्तर पर इंस्पेक्टर जनरल या समकक्ष पद धारक बनने हेतु 68 आईपीएस अधिकारियों की सशर्त (empanelment) सूची को स्वीकृति प्रदान की है.
झारखंड के छह आईपीएस
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड कैडर के छह आईपीएस अधिकारियों को सेंट्रल इंपैनलिंग बोर्ड के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आईजी (इंस्पेक्टर जनरल) रैंक में केंद्र में इंपैनल किया है. यह नियुक्ति भारत सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet-ACC) की मंजूरी के बाद की गई है. इंपैनल आईपीएस अब केंद्र सरकार की विभिन्न केंद्रीय संस्थाओं और विभागों में आईजी स्तर की जिम्मेदारी निभाएंगे.
कौन-कौन से आईपीएस इंपैनल हुए
अखिलेश कुमार झा-2003 बैच-झारखंड कैडर.
पटेल मयूर कन्हैया लाल-2007 बैच-झारखंड कैडर.
राकेश बंसल-2007 बैच-झारखंड कैडर.
अनीश गुप्ता-2008 बैच-झारखंड कैडर.
एम. तमिलवाणन-2008 बैच-झारखंड कैडर.
अजय लिंडा-2008 बैच-झारखंड कैडर.
अनीश गुप्ता सेंट्रल डेप्यूटेशन पर सीबीआई में हैं
झारखंड के जिन छह आईपीएस अधिकारियों को केंद्र में आईजी रैंक में इंपैनल किया गया है उनमें अनीश गुप्ता फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में कार्यरत हैं. अनीश गुप्ता झारखंड में रहते हुए रांची एसएसपी सहित कई जिलों के एसपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. वहीं राकेश बंसल हाल में ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस झारखंड लौटे हैं. इसके अलावा अखिलेश कुमार झा, पटेल मयूर कन्हैयालाल, एम तमिलवाणन और अजय लिंडा झारखंड में ही विभिन्न पदों पर तैनात हैं.
