चांडिल : जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में शुक्रवार को चांडिल स्थित पाटा टोल गेट के समीप अवैध पार्किंग एवं सड़क पर खतरनाक ढंग से वाहनों के खड़े रहने की समस्या को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत कुल 18 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। जांच के क्रम में सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को हटवाया गया और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि राष्ट्रीय व राज्य मार्ग सहित किसी भी सार्वजनिक सड़क के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करें।जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क पर अव्यवस्थित एवं खतरनाक पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से इस प्रकार का सघन जांच अभियान चलाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने का निर्देश भी दिया। इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ सड़क सुरक्षा टीम एवं चांडिल थाना के पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
