एक जवान भी शहीद, पीएम मोदी और एचएम अमित शाह ने जवानों का बढ़ाया हौसला
नारायणपुर,21 मई : छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ इलाके में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) जवानों और माओवादियों के बीच चल रहे एक बड़े अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। इस मुठभेड़ में अब तक 27 माओवादियों के शव मिले हैं। मारे गए माओवादियों में एक करोड़ रुपये का इनामी शीर्ष माओवादी बसव राजू भी शामिल है।
मारे गए माओवादियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। सुरक्षाबललों की इस सफलता पर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों के पराक्रम की सराहना की है। पीएम नरेंद्र मोदी ने सुरक्षाबलों की बहादुरी पर गर्व जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, हमारी सेनाओं की इस शानदार सफलता पर गर्व है, हमारी सरकार माओवाद के खतरे को खत्म करने और अपने लोगों के लिए शांति और प्रगतिपूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 3 दशकों में यह पहली बार हुआ है, जब इतना बड़ा नक्सली मारा गया है।
राज्य के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस बड़ी कामयाबी की पुष्टि करते हुए बताया कि इस ऑपरेशन में एक जवान बलिदान व एक अन्य जवान घायल हुआ है।
बड़े माओवादी लीडर को घेर लिया
यह मुठभेड़ नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के डीआरजी जवानों की संयुक्त टीम द्वारा बुधवार सुबह से माड़ के दुर्गम और घने जंगलों में जारी थी। सुरक्षाबलों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बड़े माओवादी लीडरों को घेर लिया था।
यह अभियान माओवादी विरोधी अभियानों के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। अबूझमाड़ को माओवादियों का अभेद्य गढ़ माना जाता रहा है। इस सफलता से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर लगाम लगने और उनके नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचने की उम्मीद है।
21 दिनों तक चले अभियान में मारे गए थे 31 माओवादी
यह हाल ही में कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर चलाए गए सबसे बड़े अभियान के बाद एक और बड़ी सफलता है। कर्रेगुट्टा में 21 दिनों तक चले अभियान में 31 माओवादियों को ढेर कर सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की थी। उस अभियान के दौरान जवानों ने 214 माओवादी ठिकानों और बंकरों को नष्ट किया था। साथ ही 450 आइईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) भी बरामद किए थे।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद कोबरा और डीआरजी के 18 जवान घायल हुए थे, लेकिन उन्होंने दृढ़ता से अभियान को अंजाम दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ को 2026 तक माओवादी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इस संकल्प के बाद से सुरक्षा बल लगातार माओवादियों के खिलाफ सघन सर्चिंग आपरेशन चला रहे हैं, जिससे माओवादियों पर भारी दबाव बढ़ा है। इसी दबाव के चलते कई माओवादियों ने आत्मसमर्पण भी किया है।
कुल मारे गए माओवादी (2025) : 174
कुल मारे गए माओवादी (2024) : 239
कुल मारे गए माओवादी (पिछले 15 माह में) : 413
वर्ष 2025 में मुठभेड़ में मिली बड़ी सफलताएं
31 माओवादी मारे गए : 21 अप्रैल – 11 मई तक कर्रेगुट्टा अभियान में
31 माओवादी मारे गए : 09 फरवरी को बीजापुर में
26 माओवादी मारे गए : 20 मार्च को बीजापुर में
17 माओवादी मारे गए : 29 मार्च को सुकमा में
18 माओवादी मारे गए : 16 जनवरी को बीजापुर में